अप्रैल में भौम प्रदोष व्रत कब ? नोट करें डेट, मांगलिक दोष से मुक्ति पाने का दिन
जागृति सोनी बरसले April 22, 2026 02:42 AM

Bhaum Pradosh Vrat 2026: वैशाख माह का दूसरा प्रदोष व्रत 28 अप्रैल 2026 को है. मंगलवार होने से ये भौम प्रदोष व्रत होगा. मंगलवार का दिन मंगल ग्रह से जुड़ा होने के कारण यह व्रत विशेष रूप से शक्ति, साहस और ऋण मुक्ति देने वाला माना जाता है. भौम प्रदोष को मंगल प्रदोष भी कहा जाता है.

भौम प्रदोष व्रत 2026 मुहूर्त

वैशाख शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि 28 अप्रैल 2026 को शाम 6.51 पर शुरू होगी और अगले दिन 29 अप्रैल 2026 को शाम 7.51 पर समाप्त होगी.

इस दिन पूजा के लिए शाम 6.54 से रात 09.04 तक शुभ मुहूर्त है. इस समय प्रदोष काल रहेगा. इस काल में शिवलिंग का अभिषेक समस्त कार्यों को पूर्ण करने वाला माना जाता है.

भौम प्रदोष व्रत के लाभ

भौम प्रदोष का व्रत ऋण से मुक्ति, भूमि-भवन आदि सम्बन्धित विवादों के निवारण तथा शारीरिक बल की वृद्धि हेतु किया जाता है. मंगल ग्रह से सम्बन्धित नकारात्मक प्रभावों से रक्षा में भी यह व्रत सहायक सिद्ध होता है.वैवाहिक जीवन में आने वाली समस्याओं को दूर करने और विवाह में देरी को समाप्त करने के लिए भी यह व्रत किया जाता है.

इस दिन उपवास और पूजा करने से मन की शुद्धि होती है, नकारात्मक विचार दूर होते हैं और आत्मिक शांति प्राप्त होती है. व्यक्ति के अंदर धैर्य, संयम और सकारात्मक सोच विकसित होती है.

भौम प्रदोष व्रत पूजा विधि

  • भौम प्रदोष व्रत की पूजा प्रदोष काल (सूर्यास्त से लगभग 45 मिनट पहले और बाद का समय) में की जाती है.
  • इस दिन सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें और व्रत का संकल्प लें.
  • पूरे दिन फलाहार या निर्जल व्रत रखने का नियम होता है.
  • शाम के समय पुनः स्नान कर पूजा स्थान को शुद्ध करें और भगवान शिव की प्रतिमा या शिवलिंग स्थापित करें.
  • गंगाजल, दूध, दही, शहद, घी और शक्कर से अभिषेक करें. शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, अक्षत और सफेद फूल अर्पित करें.
  • दीपक जलाकर शिव चालीसा या महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें.
  • नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना कहें और अंत में आरती करके प्रसाद बांटें. व्रत का पारण अगले दिन किया जाता है.
  • लाल वस्त्र, मसूर दाल या गुड़ का दान मंगल ग्रह को शांत करने के लिए लाभकारी होता है.

भौम प्रदोष व्रत के नियम

  • इस दिन झूठ बोलना, किसी से बहस करना या क्रोध करना अशुभ माना जाता है. मंगल ग्रह का संबंध ऊर्जा और क्रोध से होता है, इसलिए इस दिन गुस्सा करने से उसका नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकता है. शांत और संयमित व्यवहार रखना बहुत जरूरी है.
  • माता-पिता, गुरु, बुजुर्ग या जरूरतमंद का अपमान नहीं करना चाहिए. ऐसा करने से पुण्य कम होता है और भगवान शिव की कृपा भी नहीं मिलती. सेवा, दया और सम्मान का भाव रखना इस व्रत में बहुत महत्वपूर्ण है.
  • इस दिन चोरी, छल, कपट या किसी को नुकसान पहुंचाने वाले कार्यों से पूरी तरह बचना चाहिए. साथ ही, बुरी संगति या गलत विचारों से भी दूरी बनाए रखें. व्रत का उद्देश्य आत्मशुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाना होता है.
  • व्रत के दिन ब्रह्मचर्य का पालन करना अत्यंत जरूरी होता है. इससे मन की एकाग्रता बनी रहती है और पूजा का फल अधिक मिलता है.

Ganga Saptami 2026: गंगा सप्तमी 22 या 23 अप्रैल कब ? स्नान मुहूर्त, पूजा विधि, आरती, नियम पूरी गाइड देखें

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें. 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.