West Bengal Elections: वोटर की तरह सब जगह जाएंगी ममता, कहा- रातभर सोई नहीं, ऑब्जर्वर को बताया 'BJP एजेंट'
TV9 Bharatvarsh April 29, 2026 01:42 PM

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर से टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी सुबह-सुबह इलाके का जायजा लेने पहुंची. ममता भवानीपुर में वोट डालेंगी. इस मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैं पूरा दिन निरीक्षण करूंगी. बीजेपी के लोग यहां अपनी मनमानी कर रहे हैं. मैं एक वोटर की तरह सभी जगह जाऊंगी. मैंने सुबह फिरहाद हाकिम से मुलाकात भी की है. ममता ने आगे कहा कि कल रात हमारे नेताओं को घर से निकलने नहीं दिया गया. बीजेपी यहां अत्याचार कर रही है. उन्होंने ऑब्जर्वर को बीजेपी का एजेंट बताया.

BJP कार्यकर्ता फाड़ रहे पोस्टर

चेतला इलाके का दौरा करते हुए ममता ने शिकायत की कि पोस्टर फाड़ दिए गए हैं और तृणमूल कार्यकर्ताओं को हटाया जा रहा है. टीवी9 बांग्ला से बातचीत में ममता ने कहा कि वह कल रात सोई नहीं. सुबह निकल गईं. वह दिन भर इलाके का दौरा करेंगी. मुख्यमंत्री ने कहा, अदालत के आदेश के बावजूद CRPF और बंगाल में जितने पर्यवेक्षक तैनात हैं, वह कह रहे हैं कि वे आदेश का पालन नहीं करेंगे.

ममता ने आगे कहा, मैं मुख्यमंत्री पद के लिए चुनाव नहीं लड़ रही हूं, मैं उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हूं. आपको नहीं पता कल रात क्या हुआ. अभिषेक, मैं पूरी रात जागे. मैंने ये सब काम पूरी रात किए. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल पार्षद असीम बसु को बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है. उनके और उनकी पत्नी के साथ बदसलूकी की गई. उन्हें धक्का दिया गया.

ममता बनर्जी भवानीपुर से चुनाव लड़ रही हैं. यहां उनका मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है. सुवेंदु दो सीटों पर ताल ठोक रहे हैं. नंदीग्राम से भी वो चुनाव लड़ रहे हैं, जहां पहले चरण में वोटिंग हो चुकी है. वो नंदीग्राम से बीजेपी के मौजूदा विधायक भी हैं. बता दें कि पश्चिम बंगाल में आज दूसरे और आखिरी चरण का मतदान है. दूसरे चरण में 8 जिलों की 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर 92 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ था. दूसरे चरण में 1448 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.