IPL 2026: 5 चौके-छक्के… शुभमन गिल ने लिया रबाडा का बदला, जोश हेजलवुड के एक ही ओवर में ठोके इतने रन
TV9 Bharatvarsh May 01, 2026 12:43 PM

Shubman Gill vs Josh Hazlewood: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 के 42वें मैच में गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. इस मैच में गुजरात की टीम ने 4 विकेट से बाजी मारी. हालांकि, मैच की शुरुआत में विराट कोहली ने आग उगली और टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई. लेकिन दूसरी पारी में कप्तान शुभमन गिल ने बदला पूरा कर दिया. उन्होंने आरसीबी के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को आड़े हाथों लिया.

शुभमन गिल ने लिया रबाडा का बदला

मुकाबले की पहली पारी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत धमाकेदार रही. विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा के पहले ओवर में ही लगातार पांच चौके जड़ दिए. उस ओवर में 21 रन बने और कोहली ने सिर्फ 13 गेंदों पर 28 रन की तूफानी पारी खेली. हालांकि, रबाडा ने जवाबी हमला किया और चौथे ओवर में कोहली को राशिद खान के हाथों कैच करा दिया.

दूसरी पारी में टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी आक्रामक रही. कप्तान शुभमन गिल ने रबाडा के उस ओवर का बदला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड से लिया. पारी के दूसरे ओवर में गिल ने हेजलवुड की जमकर पिटाई की. ओवर की पहली गेंद पर गिल ने चौका लगाया. दूसरी गेंद पर भी उन्होंने फुटवर्क दिखाते हुए शानदार चौका जड़ा. तीसरी गेंद डॉट रही, लेकिन चौथी गेंद पर गिल ने लंबा छक्का उड़ाया. पांचवीं गेंद पर फिर एक चौका और आखिरी गेंद पर एक और छक्का जड़ा दिया. इस तरह शुभमन गिल ने उस एक ओवर में अकेले 24 रन बना डाले.

गुजरात ने दर्ज की शानदार जीत

मुकाबले की बात की जाए तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए, वह 19.2 ओवर ही खेल सकी और ऑलआउट हो गई. आरसीबी की टीम इस सीजन में पहली बार ऑलआउट हुई. वहीं, गुजरात ने 15.5 ओवर में ही 6 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया. इस दौरान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, इसके लिए उन्होंने सिर्फ 18 गेंदें लीं, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.