कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि असम और पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों को भाजपा ने चुनाव आयोग के समर्थन से 'चुरा लिया'। राहुल गांधी ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों से सहमत हैं और दावा किया कि राज्य में '100 से ज्यादा सीटें छीनी गईं'। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ळ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि असम और बंगाल चुनावों में भाजपा ने चुनाव आयोग की सहायता से जीत हासिल की।
ALSO READ: Mamata Banerjee : ममता को मुसलमानों ने वोट दिया, मुझे हिन्दुओं, सिखों, जैनों और बौद्धों ने जिताया, भवानीपुर में जीत के बाद बोले सुवेंदु
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरह के पैटर्न पहले भी देखने को मिले हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और 2024 के लोकसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए।इससे पूर्व ममता बनर्जी ने भी भाजपा पर 100 से अधिक सीटें 'लूटने' का आरोप लगाया था और चुनाव आयोग को 'भाजपा का आयोग' बताया था। उन्होंने इस जीत को 'अनैतिक' और 'अवैध' करार दिया। ममता ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने केंद्रीय बलों की तैनाती, चुनाव आयोग की भूमिका और प्रधानमंत्री व गृह मंत्री की भागीदारी पर भी सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह अवैध बताया। ममता बनर्जी ने कहा, “यह जीत नैतिक नहीं है, बल्कि लूट है। हम वापसी करेंगे।”
यह परिणाम राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है, जहां ममता बनर्जी के 13 साल के शासन का अंत करीब नजर आ रहा है। इस बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम जैसी अहम सीटों पर जीत दर्ज की। गौरतलब है कि 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने 294 में से 213 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि भाजपा 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल बनी थी। Edited by : Sudhir Sharma