IPL Points Table 2026: मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार, हारकर भी लखनऊ अभी नहीं हुई बाहर
TV9 Bharatvarsh May 05, 2026 04:42 AM

IPL Points Table 2026 (Updated), After Mumbai Indians vs Lucknow Super Giants Match: IPL 2026 के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर खड़ी मुंबई इंडियंस को एक लाइफलाइन मिल गई है. इस सीजन में लगातार हार का मुंह देख रही 5 बार की चैंपियन मुंबई को आखिरकार जीत का स्वाद चखने को मिला. मुंबई ने अपने 10वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को शिकस्त दी और सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की. इस जीत ने मुंबई के प्लेऑफ में पहुंचने की बची-खुची उम्मीदों को जिंदा रखा है. वहीं लखनऊ को भी करो या मरो की स्थिति में पहुंचा दिया है.

जीत के बावजूद टेबल में नहीं बदलाव

वानखेड़ स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 47वें मैच में मुंबई ने लखनऊ को 6 विकेट से हराया. इस मैच में लखनऊ ने पहले बैटिंग करते हुए 228 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. लखनऊ के लिए निकोलस पूरन (21 गेंद पर 63 रन) और मिचेल मार्श (44 रन) ने बड़ा योगदान दिया था. इसके जवाब में विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने रोहित शर्मा (84 रन, 44 गेंद) और रायन रिकल्टन (83 रन 32 गेंद) की आतिशी पारियों के दम पर 8 गेंद शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया.

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने अपना तीन मैचों का हार का सिलसिला तोड़ दिया है. साछ ही वानखेडे स्टेडियम में लगातार 4 शिकस्त के बाद उसे पहली जीत मिली है. हालांकि, इस नतीजे के बावजूद पॉइंट्स टेबल में दोनों टीमों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं आया है और ये दोनों अभी भी पॉइंट्स टेबल के आखिरी 2 पायदानों पर ही मौजूद हैं. उनके लिए प्लेऑफ तक पहुंचना अभी भी लगभग असंभव ही नजर आ रहा है.

प्लेऑफ के लिए MI-LSG के समीकरण

मुंबई की बात करें तो इस जीत से टीम के 6 पॉइंट हो गए गए हैं लेकिन वो अब भी 9वें स्थान पर हैं. हालांकि टीम अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं लेकिन इसके लिए टीम को अपने बाकी बचे सभी मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे, जबकि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा. वहीं लखनऊ की स्थिति भी इस मैच से पहले वाली मुंबई जैसी हो गई है. टीम ने 9 मैचों में 7 हार गई है और सिर्फ 4 पॉइंट के साथ टेबल में सबसे नीचे है. उसे भी अपने अगले सभी मैच जीतने होंगे और दूसरी टीमों पर भी निर्भर रहना होगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.