EPFO: इस साल रिटायर होने वाले प्राइवेट नौकरी वालों को कितनी पेंशन मिलेगी? ये है पूरा कैलकुलेशन
TV9 Bharatvarsh May 09, 2026 11:42 AM

EPFO: प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले ‘सैलरीड क्लास’ के लिए महीने की पहली तारीख को आने वाला सैलरी का मैसेज जितना सुकून देता है, रिटायरमेंट के बाद का ख्याल उतनी ही टेंशन भी देता है. सरकारी नौकरी की तरह यहां कोई फिक्स और बंधी-बंधाई पेंशन की गारंटी तो होती नहीं. लेकिन, अगर आपकी बेसिक सैलरी से हर महीने PF (प्रॉविडेंट फंड) कटता है, तो आपको अपनी रिटायरमेंट प्लानिंग को लेकर ज्यादा पसीना बहाने की जरूरत नहीं है.

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की एम्प्लॉई पेंशन स्कीम (EPS) प्राइवेट नौकरी वालों के लिए एक मजबूत फाइनेंशियल शील्ड का काम करती है. अगर आप 2026 में अपने करियर को अलविदा कहने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए यह समझना बेहद जरूरी है कि नौकरी के बाद आपके अकाउंट में हर महीने पेंशन के तौर पर कितने पैसे आएंगे. आइए, इस पूरे गणित को डिकोड करते हैं.

PF का पैसा कैसे बनता है आपकी पेंशन?

ज्यादातर लोगों को लगता है कि PF अकाउंट में जमा होने वाला पूरा पैसा सिर्फ एक रिटायरमेंट कॉर्पस है, जो आखिर में एकमुश्त मिल जाएगा. लेकिन इसका फाइनेंशियल स्ट्रक्चर थोड़ा अलग है. आपकी बेसिक सैलरी से जो हिस्सा कटता है, वह सीधे आपके EPF अकाउंट में जाता है. आपकी कंपनी भी आपकी ही तरह योगदान करती है, लेकिन कंपनी के उस कॉन्ट्रिब्यूशन का एक बड़ा हिस्सा (8.33%) सीधे आपके पेंशन फंड यानी EPS में चला जाता है.

यही वह फंड है जो आपकी नौकरी के सालों में धीरे-धीरे जुड़कर बुढ़ापे का पक्का सहारा बनता है. हालांकि, इस पेंशन का फायदा उठाने के लिए दो बड़ी शर्तें हैं- पहली, आपने कम से कम 10 साल की ‘पेंशन योग्य नौकरी’ पूरी की हो, और दूसरी, फुल पेंशन के लिए आपकी उम्र 58 साल होनी चाहिए.

बिना किसी CA की मदद के खुद समझें कैलकुलेशन

अपनी पेंशन का गणित समझने के लिए आपको किसी फाइनेंशियल एडवाइजर या CA के चक्कर लगाने की कोई जरूरत नहीं है. EPFO ने इसके लिए एक बहुत ही ट्रांसपेरेंट और सिंपल फॉर्मूला बनाया है:

फॉर्मूला: (पेंशन योग्य सैलरी × नौकरी के कुल साल) / 70

यहां एक तकनीकी पेंच है जिसे समझना जरूरी है. EPFO के मौजूदा नियमों के मुताबिक, पेंशन कैलकुलेशन के लिए अधिकतम सैलरी (बेसिक + DA) की लिमिट 15,000 रुपये प्रति महीना तय की गई है. इसका सीधा मतलब यह है कि आपकी बेसिक सैलरी चाहे 2 लाख रुपये ही क्यों न हो, EPFO आपके पेंशन का कैलकुलेशन 15,000 रुपये की कैपिंग के आधार पर ही करेगा. फॉर्मूले में ‘नौकरी के कुल साल’ का मतलब उस पूरी अवधि से है, जब तक आपने अपने EPS अकाउंट में लगातार कॉन्ट्रिब्यूशन दिया है.

2026 में रिटायर होने पर कितनी बनेगी आपकी पेंशन?

चलिए, इसे कन्हैया के एक रियल-लाइफ जैसे उदाहरण से समझते हैं, जो 2026 में रिटायर होने वाले हैं. मान लेते हैं कि रिटायरमेंट तक कन्हैया के EPS कॉन्ट्रिब्यूशन की कुल अवधि 50 साल है. क्योंकि पेंशन कैलकुलेशन के लिए सैलरी की लिमिट 15,000 रुपये फिक्स है, इसलिए कन्हैया की पेंशन का कैलकुलेशन कुछ इस तरह बैठेगा:

  • सैलरी कैप: 15,000 रुपये
  • नौकरी के साल: 50
  • कैलकुलेशन: 15,000 × 50 ÷ 70

इस गणित के हिसाब से कन्हैया की मासिक पेंशन 10,714 रुपये बनेगी. यानी रिटायरमेंट के बाद उन्हें हर महीने बिना किसी झंझट के करीब 10,714 रुपये की फिक्स पेंशन मिलती रहेगी.

अर्ली पेंशन लेने का होगा भारी नुकसान

इस स्कीम में आपकी उम्र का बड़ा रोल है. अगर कन्हैया 58 साल का इंतजार किए बिना 50 साल की उम्र में ही अर्ली पेंशन लेना शुरू कर देते हैं, तो उन्हें भारी फाइनेंशियल नुकसान उठाना पड़ेगा. EPFO के नियमों के मुताबिक, 58 साल से पहले पेंशन शुरू करने पर हर साल 4% की दर से पेंशन में कटौती की जाती है. इसलिए, अपनी मेहनत की कमाई का पूरा और अधिकतम फायदा उठाने के लिए 58 की उम्र तक इंतजार करना ही एक स्मार्ट फाइनेंशियल मूव है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.