Himanta Biswa Sarma: हिमंत बिस्व सरमा चुने गए बीजेपी और एनडीए विधायक दल के नेता, 12 मई को पीएम मोदी की मौजूदगी में लेंगे शपथ
Newsroompost-Hindi May 10, 2026 05:42 PM

गुवाहाटी। हिमंत बिस्व सरमा को गुवाहाटी में रविवार को बीजेपी और एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया। हिमंत बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार असम के सीएम बनेंगे। बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में हिमंत बिस्व सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया। असम के सीएम के तौर पर हिमंत बिस्व सरमा 12 मई 2026 को शपथ लेंगे। हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।

असम बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने इसे ऐतिहासिक बताया। सैकिया ने कहा कि सीएम हिमंत बिस्व सरमा के साथ कई और विधायकों के भी मंत्री बनने की संभावना है। बीजेपी को असम में लगातार तीसरी बार बड़ा जनादेश मिला है। बीजेपी ने असम विधानसभा की 82 सीटों पर कब्जा जमाया है। बीजेपी की सहयोगी एजीपी को 10-10 सीट हासिल हुई। इससे एनडीए को कुल 102 सीट मिली हैं। वहीं, कांग्रेस के गठबंधन को 19 सीटें मिलीं। एआईयूडीएफ ने 2 और रायजोर दल को 2 सीट हासिल हुईं। जबकि, कांग्रेस ने उम्मीद लगा रखी थी कि वो हिमंत बिस्व सरमा की एनडीए सरकार को असम की सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने असम में कई जनसभाएं की थीं। उनके करीबी गौरव गोगोई ने भी खूब दम लगाया था। राहुल गांधी ने हिमंत बिस्व सरमा पर भ्रष्टाचारी होने का आरोप लगाकर ये कहा था कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर हिमंत को जेल भेजेंगे। हालांकि, राहुल और गौरव गोगोई की उम्मीद को असम की जनता ने धूल में मिला दिया। यहां तक कि गौरव गोगोई खुद भी असम विधानसभा का चुनाव हार गए। अब हिमंत बिस्व सरमा के फिर असम का सीएम बनने के बाद बीजेपी सरकार के ऐसे कदम उठाने की उम्मीद है, जिससे राज्य में सियासत गर्माई रह सकती है।

The post Himanta Biswa Sarma: हिमंत बिस्व सरमा चुने गए बीजेपी और एनडीए विधायक दल के नेता, 12 मई को पीएम मोदी की मौजूदगी में लेंगे शपथ appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.