भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में चल रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले दिन के खेल के अंत तक, टीम इंडिया ने तीन विकेट खोकर 368 रन बना लिए थे। इस दिन के खेल में केएल राहुल ने 100 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल 103 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 50 रन बनाकर खेल समाप्त किया।
मुल्लांपुर टेस्ट का पहला सत्र पूरी तरह से भारतीय टीम के पक्ष में रहा। इस सत्र में भारत ने 25 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। इस सत्र में अफगानिस्तान के फील्डर्स ने केएल राहुल को एक जीवनदान दिया। लंच ब्रेक तक राहुल 70 गेंदों पर 37 और साई सुदर्शन 49 गेंदों पर 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस सत्र में अफगानिस्तान की ओर से एकमात्र विकेट सलीम सफी ने लिया।
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
अफगानिस्तान: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी
यह टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है, इसलिए शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इसे आगामी तैयारियों के मद्देनजर खेल रही है। भारत को WTC में श्रीलंका का दौरा करना है, जहां की स्पिन-फ्रेंडली पिचों के लिए खिलाड़ी पहले से तैयारी कर सकते हैं। भारतीय टेस्ट स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।