ALSO READ: महंगाई का झटका! घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपए महंगा, जानिए अब आपके शहर में कितनी होगी कीमत
केरल में बारिश बनी आफत
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने केरल में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जिलों में जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। त्रिशूर जिले के मनलूर क्षेत्र में एक 29 वर्षीय युवक की मौत उस समय हो गई, जब सोते समय अस्थायी शेड पर पेड़ गिर गया।
आईएमडी ने केरल के छह जिलों—कासरगोड, कन्नूर, कोझिकोड, वायनाड, मलप्पुरम और इडुक्की के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर केरल के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण अत्यधिक भारी बारिश हो रही है। केरल और माहे में 9 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में कब पहुंचेगा मानसून?
ALSO READ: ईरानी संपत्तियों से खाड़ी देशों को मुआवजा देने पर विचार कर रहा अमेरिका, तनाव के बीच बढ़ी हलचल
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आने वाले दिनों में उत्तर की ओर बढ़ता रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में मानसून 25 जून से 30 जून के बीच पहुंच सकता है। इसी दौरान नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी बारिश शुरू होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में मानसून पहुंचने के बाद यह हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों की ओर आगे बढ़ेगा।
रविवार (7 जून) को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।
महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में अलर्ट
महाराष्ट्र में पुणे, ठाणे और नासिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कोंकण और गोवा क्षेत्र में 12 जून तक व्यापक बारिश और 10 जून तक भारी वर्षा होने की संभावना है। आईएमडी ने 12 जून तक उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अनुमान जताया है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जो देशभर में मानसून के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। Edited by : Sudhir Sharma