वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री हो चुकी है. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 सीजन में अपनी बैटिंग से चौके-छक्कों, रनों और रिकॉर्ड्स की बारिश कर दी. इसका इनाम उन्हें टीम इंडिया में सेलेक्शन के रूप में मिल गया है. वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की टी20 टीम में चुना गया है, जबकि एशियन गेम्स 2026 में भी वो हिस्सा लेंगे. इस तरह वो टीम इंडिया में आने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं लेकिन वैभव का लक्ष्य सिर्फ टीम में आना नहीं है, बल्कि वो अगले 10-20 साल तक अपने प्रदर्शन से राज करना चाहते हैं.
शनिवार 6 जून को बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी ने अलग-अलग सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया, जिसमें श्रेयस अय्यर की कप्तानी के अलावा वैभव सूर्यवंशी के सेलेक्शन की सबसे ज्यादा चर्चा रही. इस ऐलान के एक दिन बाद ही वैभव की IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने उनका एक इंटरव्यू पोस्ट किया, जिसमें टीम के मैनेजर रोमी भिंडर उनसे अलग-अलग सवाल कर रहे थे. हालांकि, ये इंटरव्यू उनके सेलेक्शन से पहले का था लेकिन इसकी हर एक बात उनके आने वाले भविष्य से जुड़ी थी.
10-20 साल तक राज करना है लक्ष्यजब वैभव से पूछा गया है कि टीम इंडिया में उनके क्या लक्ष्य हैं तो वैभव ने कहा कि वो तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेलना चाहते हैं और सालों तक डॉमिनेट करना चाहते हैं. वैभव ने अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा कि वो सिर्फ टीम इंडिया में आकर खेलना ही नहीं चाहते बल्कि 10-20 साल तक टिके रहकर खूब रन बनाना चाहते हैं और अपना दबदबा बनाए रखना चाहते हैं. यानि वैभव वही करना चाहते हैं जो लगभग उनकी उम्र में आकर ही सचिन तेंदुलकर ने अगने 2 दशक तक किया था.
तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहते हैं वैभवA honest, wholesome conversation with IPLs MVP, Vaibhav Sooryavanshi 💝 pic.twitter.com/8jgFmWsKtw
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) June 7, 2026
इतना ही नहीं, वैभव ने ये भी साफ कर दिया कि वो सिर्फ एक फॉर्मेट और एक तरह का खिलाड़ी बनकर नहीं रहना चाहते. 15 साल के ओपनर ने बताया कि उनकी ख्वाहिश और लक्ष्य तीनों फॉर्मेट का क्रिकेट खेलना है. खास तौर पर वैभव ने रेड बॉल क्रिकेट खेलने पर काफी जोर दिया और बताया कि वो इसके लिए काफी प्रैक्टिस करते हैं और अपने राज्य बिहार के लिए भी इस फॉर्मेट में खेल चुके हैं. बैटिंग को लेकर अपनी समझ की झलक पेश करते हुए वैभव ने कहा कि वो सिर्फ एक अंदाज में बैटिंग नहीं करना चाहते. उन्होंने कहा कि टी20 की जरूरत के कारण ही वो ताबड़तोड़ छक्के-चौके बरसाते हैं लेकिन टेस्ट और वनडे फॉर्मेट की अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से वो बैटिंग करना पसंद करेंगे.