Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Box Office Day 2: बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन अपने करियर की शुरुआत में खूब चर्चा में रहे थे. उन्होंने एक के बाद एक हिट फिल्में दी थीं. हालांकि फिल्म 'कलंक' की असफलता के बाद उनके लिए सब कुछ बदल गया. इसके बाद उनका करियर ग्राफ पहले की तरह नहीं रहा. उनकी फिल्में अब बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ प्रदर्शन करने में नाकाम हो रही हैं. ताजा उदाहरण 'है जवानी तो इश्क होना है' का ही ले लीजिए जो दिनों में 15 करोड़ भी नहीं कमा पाई है.
दूसरे दिन हुई पहले दिन से भी कम कमाई
है जवानी तो इश्क होना है ने 5 जून को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. फिल्म की शुक्रवार को जितनी कमाई हुई थी, उतनी कमाई इसकी शनिवार को नहीं हो पाई. इसके बजट को देखा जाए तो फिल्म का बड़ी हिट होना थोड़ा मुश्किल नजर आ रहा है. अब तक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर वरुण धवन की फीस के बराबर भी नहीं पहुंच पाई है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने 7.50 करोड़ रुपये से ओपनिंग ली थी. जबकि दूसरे दिन इसका कलेक्शन पहले दिन से भी कम 7.25 करोड़ रुपये हुआ.
जानिए वरुण धवन की फीस और फिल्म का बजट
है जवानी तो इश्क होना है में वरुण धवन एक नहीं, बल्कि दो-दो हसीनाओं के साथ इश्क लड़ाते हुए नजर आ रहे हैं. फिल्म में उनके साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर जैसी एक्ट्रेसेस भी हैं. हालांकि इसके बावजूद इसका जादू अब तक चल नहीं आया है. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक इसका बजट करीब 50 करोड़ रुपये है. वहीं इसके लिए वरुण धवन ने 30 करोड़ रुपये फीस ली है. बजट को ध्यान में रखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि इसके लिए आगे की राह मुश्किल है. साथ ही बता दें कि फिल्म को आगे नई फिल्मों की चुनौती भी मिलने वाली है.
ये भी पढ़ें: 'है जवानी तो इश्क होना है' के लिए वरूण ने वसूले करोड़ों, जानें- पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर की फीस
फिलहाल 'पेद्दी' से हो रहा मुकाबला
वरुण धवन की फिल्म को इन दिनों राम चरण की फिल्म 'पेद्दी' से टक्कर मिल रही है. 4 जून को रिलीज हुई ये फिल्म भारत में तीन दिनों में 125 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है. वहीं इसने बॉबी देओल की 'बंदर' का हाल भी बुरा कर रखा है. 5 जून को आई बंदर दो दिनों में 2 करोड़ भी नहीं कमा पाई है.