शोरूम में खड़ी कार भी हो सकती है पुरानी! ऐसे चेक करें असली उम्र, होगा बड़ा फायदा
TV9 Bharatvarsh June 16, 2026 07:43 PM

जब भी हम नई कार खरीदने जाते हैं, तो खुशी और उत्साह का माहौल होता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि शोरूम में जो कार आपको नई बताकर बेची जा रही है, वह वास्तव में कितनी नई है? कई बार कार के मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री की तारीख के बीच कई महीने, या कभी-कभी एक साल से ज्यादा का अंतर भी हो सकता है.

ऐसी स्थिति में कई ग्राहक शिकायत करते हैं कि नई कार खरीदने के कुछ ही महीनों बाद उसमें दिक्कतें आने लगती हैं या उसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहता. इसके अलावा, कार की उम्र का असर उसकी वारंटी, इंश्योरेंस और भविष्य में मिलने वाले रीसेल वैल्यू पर भी पड़ता है. इसलिए कार खरीदने से पहले उसकी असली उम्र जानना बहुत जरूरी है.

VIN से पता करें कार की उम्र

कार की आसान उम्र पता करने का सबसे आसान और भरोसेमंद तरीका उसका VIN (व्हीकल आइडेंटिफिकेशन नंबर) या चेसिस नंबर चेक करना है. यह 17 अंकों का एक यूनिक नंबर होता है, जो हर वाहन को अलग पहचान देता है. यह नंबर आमतौर पर डैशबोर्ड, ड्राइवर साइड दरवाजे के पास या इंजन के आसपास लिखा होता है.

VIN नंबर में मौजूद 10वां कैरेक्टर कार के निर्माण वर्ष की जानकारी देता है. इसके अलावा कार पर लगी मैन्युफैक्चरिंग प्लेट भी देखनी चाहिए, जिसमें निर्माण का महीना और वर्ष लिखा होता है. यह प्लेट आमतौर पर ड्राइवर साइड डोर के अंदर या बोनट के नीचे मिल जाती है. अगर कार 6 महीने या उससे ज्यादा पुरानी है, तो इस बारे में डीलर से जरूर बात करनी चाहिए.

कार के टायर से पता करने का तरीका

कार के टायर भी उसकी उम्र का पता लगाने में मदद करते हैं. हर टायर पर चार अंकों का एक कोड लिखा होता है. उदाहरण के लिए, अगर टायर पर 2322 लिखा है, तो इसका मतलब है कि टायर साल 2022 के 23वें सप्ताह में बनाया गया था. अगर टायर काफी पुराने हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि कार लंबे समय से शोरूम या स्टॉक यार्ड में खड़ी थी.

बैटरी की मैन्युफैक्चरिंग डेट

इसके साथ ही बैटरी की मैन्युफैक्चरिंग डेट भी चेक करना चाहिए. लंबे समय तक खड़ी रहने पर बैटरी की क्षमता प्रभावित हो सकती है. वहीं, कार का ओडोमीटर रीडिंग भी देखना जरूरी है. आमतौर पर बिल्कुल नई कार में 10 से 50 किलोमीटर तक की रीडिंग ही होती है, क्योंकि उसे केवल फैक्ट्री टेस्टिंग और ट्रांसपोर्ट के दौरान चलाया जाता है.

अगर कार खरीदने के बाद पता चले कि वह काफी पुरानी स्टॉक की है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. सामान्य तौर पर 3 से 4 महीने पुरानी कार को खरीदना ठीक है. लेकिन अगर कार इससे ज्यादा पुरानी है, तो आप डीलर से एक्स्ट्रा डिस्काउंट मांग सकते हैं या फिर दूसरी कार देने की मांग भी कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें- महिंद्रा की 7-सीटर SUV पर आया 70,000 रुपये तक का डिस्काउंट, ये है बड़ी खासियत

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.