Bharat Innovates 2026: स्टार्टअप्स की चमकी किस्मत, 40 से ज्यादा कंपनियों को मिला इन्वेस्टर्स का भरोसा
TV9 Bharatvarsh June 16, 2026 10:43 PM

Bharat Innovates 2026: भारत इनोवेट्स 2026 के दूसरे दिन देश और दुनिया के निवेशकों, स्टार्टअप्स, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स और रिसर्च इंस्टीट्यूट के बीच जबरदस्त संवाद देखने को मिला. इस दौरान 80 से अधिक डीपटेक स्टार्टअप्स ने अपने इनोवेशन ग्लोबल इन्वेस्टर्स के सामने पेश किए. 10 से ज्यादा देशों से आए 50 से अधिक इन्वेस्टर्स के साथ हुई बैठकों के बाद 40 से ज्यादा स्टार्टअप्स को आगे की निवेश का भरोसा मिला है. कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय इनोवेशन को ग्लोबल कैपिटल, टेक्नोलॉजी और मार्केट्स से जोड़ना है.

80 से ज्यादा स्टार्टअप्स ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स के सामने दिखाया दम

कार्यक्रम के दूसरे दिन का सबसे अहम हिस्सा इन्वेस्टर और स्टार्टअप संवाद रहा. 80 से अधिक डीपटेक स्टार्टअप्स ने 10 से ज्यादा देशों से आए 50 से अधिक ग्लोबल इन्वेस्टर्स के सामने अपनी टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट्स की प्रस्तुति दी. इन स्टार्टअप्स ने अंतरिक्ष और रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, हेल्थकेयर, मेडटेक, बायोटेक्नोलॉजी, एग्रीटेक, ऊर्जा, जलवायु तकनीक और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में अपने समाधान पेश किए. इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्टार्टअप्स को सीधे ग्लोबल वेंचर कैपिटल फंड्स और कॉर्पोरेट इन्वेस्टर्स से जुड़ने का अवसर मिला. आयोजन के दौरान 40 से अधिक स्टार्टअप्स को इन्वेस्टर्स की ओर से आगे की बातचीत और संभावित निवेश का भरोसा मिला.

भारत इनोवेट्स 2026: हाईलाइट्स
  • भारत इनोवेट्स के इनोवेटर्स के साथ 1,350 से अधिक बी2बी बैठकें आयोजित की गईं.
  • 50 से ज्यादा सहयोग समझौते हुए.
  • 10 से अधिक देशों के 50 से ज्यादा वैश्विक निवेशकों के सामने 80 से अधिक स्टार्टअप्स ने अपने आइडिया और तकनीक पेश किए.
  • 40 से ज्यादा स्टार्टअप्स को निवेशकों की ओर से आगे की चर्चा और संभावित निवेश के लिए फॉलो-अप कमिटमेंट मिले.
  • भारत इनोवेट्स से जुड़े स्टार्टअप्स के लिए करीब 254.5 मिलियन डॉलर की फंडिंग प्रतिबद्धताओं और एडवांस लेवल के निवेशों की घोषणा की गई.
नई तकनीकों ने खींचा दुनिया का ध्यान

कार्यक्रम की शुरुआत एक खास इनोवेशन शोकेस से हुई, जहां भारतीय स्टार्टअप्स और बड़े शिक्षण संस्थानों ने अपनी नई तकनीकों का प्रदर्शन किया. इनमें बायोटेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, हेल्थकेयर, ऊर्जा, अंतरिक्ष, मोबिलिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई नए समाधान शामिल थे.

इस दौरान एशियन पेंट्स के को प्रमोटर और एंजेल निवेशक जलज दानी ने कहा कि किसी भी नई तकनीक को सफल बनाने के लिए उसे बाजार की जरूरतों और उद्योगों से जोड़ना जरूरी है. कार्यक्रम में शामिल ग्लोबल एक्सपर्ट और इन्वेस्टर्स ने भी कहा कि रिसर्च को तेजी से बाजार तक पहुंचाने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की जरूरत है. पैनल चर्चा में इंस्टिट्यूट पाश्चर के प्रो. चेतन चितनिस, सफरान रिओस्क की सीईओ औरेली गिरो, थेल्स एलेनिया स्पेस के बर्ट्रेंड डेनिस, जीफास के सीईओ फ्रेडरिक पेरिसो, सोनी इनोवेशन फंड की योको फुकाता और मिजुहो फाइनेंशियल ग्रुप के सुनील बख्शी समेत कई ग्लोबल एक्सपर्ट्स शामिल हुए.

निवेश और साझेदारी के नए मौके खुले

भारत इनोवेट्स 2026 ने भारतीय स्टार्टअप्स को दुनिया के बड़े निवेशकों और कंपनियों से जोड़ने का काम किया है. कार्यक्रम के दूसरे दिन तक 1,350 से ज्यादा बिजनेस मीटिंग्स हुईं और 50 से अधिक सहयोग समझौते किए गए. इसके साथ ही करीब 254.5 मिलियन डॉलर के निवेश और फंडिंग से जुड़े ऐलान भी हुए. इस आयोजन ने भारत और दुनिया के दूसरे देशों के बीच तकनीक, निवेश और कारोबार के नए अवसर पैदा किए हैं. कार्यक्रम के अंतिम दिन जलवायु तकनीक, टेक्नोलॉजी पार्क, स्टार्टअप एक्सेलेरेटर और ग्लोबल स्तर पर कारोबार बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.