Ishan Kishan: ईशान किशन ने कमजोरी को ताकत में बदल दिया, इस शॉट ने बना दिया बेहद खतरनाक
TV9 Bharatvarsh June 19, 2026 01:43 AM

ईशान किशन ने जब से टीम इंडिया में कमबैक किया है वो रनों का अंबार लगा रहे हैं. पहले उन्होंने टी20 फॉर्मेट में अपना दम दिखाया और अब ये खिलाड़ी वनडे क्रिकेट में भी कमाल कर रहा है. अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में जिस तरह से ईशान किशन ने शतकीय पारी खेली उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि अब उन्हें टीम इंडिया से बाहर करना मुश्किल है. ईशान किशन को ऋषभ पंत की जगह वनडे टीम में जगह दी गई थी और अब इस खिलाड़ी ने अपनी कमबैक वनडे सीरीज के दूसरे मैच में ही सेंचुरी ठोक दी है. पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने तो यहां तक कह दिया है कि अब ईशान किशन अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में जरूर खेलेंगे और उन्होंने साउथ अफ्रीका का वीजा हासिल कर लिया है. सुनील गावस्कर ने साथ ही एक बेहद अहम बात कही. उनके मुताबिक ईशान किशन ने अपनी बहुत बड़ी कमजोरी को ताकत में बदल दिया है और यही वजह है कि अब उन्हें शांत रखना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन सा नजर आ रहा है.

ईशान किशन की कमजोरी हुई दूर

सुनील गावस्कर के मुताबिक ईशान किशन की कमजोरी ऑफ स्टंप के बाहर थी. वो ऑफ स्टंप से थोड़ी बाहर वाली गेंद पर परेशान नजर आते थे लेकिन अब उन्होंने अपने डिफेंस को काफी मजबूत कर लिया है. गावस्कर की मानें तो ईशान किशन ने अपने डिफेंस के साथ-साथ बैकफुट के गेम को काफी मजबूत किया है और साथ ही उन्होंने एक ऐसा शॉट खेलना सीख लिया है जो उन्हें खतरनाक बना रहा है. गावस्कर ने बताया कि इस खिलाड़ी के पास पहले लॉफ्टेड कवर ड्राइव नहीं था लेकर अब वो ये शॉट खेलते हैं और यही वजह है कि उन्हें शांत रखना मुश्किल नजर आ रहा है.

ईशान किशन का कमबैक है दमदार

ईशान किशन का कमबैक कमाल ही है. आईपीएल 2025 के बाद से इस खिलाड़ी ने तीनों फॉर्मेट में कमाल प्रदर्शन किया है. लिस्ट ए हो, टी20 हो या फिर फर्स्ट क्लास क्रिकेट ईशान किशन ने हर फॉर्मेट में रन बनाए हैं. आईपीएल 2025 के बाद से ईशान किशन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 7 मैचों में 63.71 की औसत से 446 रन ठोके हैं. लिस्ट ए में इस खिलाड़ी ने 43 से ज्यादा की औसत से 259 रन बनाए हैं. वहीं टी20 में उन्होंने 38 मैचों में 44 से ज्यादा की औसत से 1651 रन बनाए हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 200 के करीब है. इसके अलावा ईशान किशन ने आईपीएल 2026 में भी कमाल प्रदर्शन किया. उन्होंने 40 से ज्यादा की औसत से 602 रन बनाए. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने में उन्होंने बेहद अहम रोल अदा किया. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में 317 रन ठोके. अब ये खिलाड़ी वनडे में दहाड़ रहा है. देखना ये है कि ईशान का वनडे क्रिकेट में प्रदर्शन कैसा रहता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.