हॉस्टल में हैवानियत! 8 साल के मासूम के सिर और चेहरे पर 20 से ज्यादा चाकू के वार, हालत गंभीर
TV9 Bharatvarsh June 22, 2026 09:43 PM

Banka News: बिहार के बांका जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. कटोरिया थाना क्षेत्र के जयश्री गांव स्थित माउंट केरला स्कूल के हॉस्टल में रह रहे 8 वर्षीय छात्र आनंद कुमार पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से चाकू से हमला कर दिया. हमलावर ने मासूम के सिर और चेहरे पर 20 से अधिक बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

2 महीने पहले ही कराया गया था हॉस्टल में दाखिला

जानकारी के अनुसार, जयश्री गांव निवासी कुमुद यादव ने अपने बेटे आनंद कुमार का दाखिला करीब दो महीने पहले माउंट केरला स्कूल में कराया था. पढ़ाई के लिए बच्चे को स्कूल के हॉस्टल में रखा गया था. परिजनों को उम्मीद थी कि उनका बेटा अच्छी शिक्षा हासिल करेगा, लेकिन सोमवार सुबह उन्हें जो सूचना मिली, उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया.

स्कूल प्रबंधन के फोन से खुला मामला

सोमवार सुबह स्कूल प्रबंधन की ओर से आनंद के परिजनों को फोन कर बताया गया कि बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई है. सूचना मिलते ही परिवार के लोग स्कूल और अस्पताल पहुंचे. वहां पहुंचकर जब उन्होंने आनंद की हालत देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बच्चे के सिर और चेहरे पर गहरे जख्म थे और वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में था.

बांका से भागलपुर रेफर किया गया मासूम

घायल बच्चे को तत्काल बांका सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, आनंद की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.

हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई. पुलिस ने स्कूल परिसर और हॉस्टल के आसपास जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे पर हमला किसने और किन परिस्थितियों में किया. पुलिस स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है. वहीं परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

इलाके में दहशत, कई सवालों के जवाब बाकी

स्कूल हॉस्टल के अंदर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर एक मासूम छात्र तक हमलावर कैसे पहुंचा और इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर फरार कैसे हो गया, यह जांच का विषय बना हुआ है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.