Jharkhand Wedding News: झारखंड के गढ़वा जिले में एक शादी समारोह में जमकर मारपीट हुई. आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं. बरातियों और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए. विवाद इतना बढ़ा कि दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही बारात वापस लेकर लौट गया.,
यह पूरा मामला गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के बिगहा टोला का है. बताया जा रहा है कि यहां ददई पासवान की बेटी खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के ऊंटारी थाना क्षेत्र के पाड़ेयपुरा गांव निवासी दशरथ राम के बेटे राजू कुमार के साथ तय हुई थी. तय तारीख पर बारात धूमधाम से पहुंची थी. जयमाला की रस्म भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई.
आर्केस्ट्रा में डांस को लेकर मारपीटइसके बाद शादी समारोह में आए मेहमानों के मनोरंजन के लिए डीजे और आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. डीजे की धुन पर बाराती और स्थानीय लोग जमकर झूम रहे थे. इसी दौरान कुछ युवक आर्केस्ट्रा के स्टेज पर चढ़ने की कोशिश करने लगे. इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया.
ये भी पढ़ें:मेटा अलर्ट पर सात मिनट में पहुंची पुलिस, युवक की बचाई जान इंस्टाग्राम पर डाला था सुसाइड पोस्ट
आरोप है कि स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बराती और ग्रामीण आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और लात-घूंसे बरसने लगे. शादी का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया. इस दौरान दूल्हे के पिता दशरथ राम समेत कई बाराती घायल हो गए.
घायलों को अस्पताल ले जाया गयामारपीट के दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई है. घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया. वहीं, विवाद और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए शादी की बाकी रस्में पूरी नहीं हो सकीं.
बताया जा रहा है कि दुल्हन पक्ष और बारातियों के बीच हुए विवाद के बाद दूल्हा पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बिना फेरे लिए ही बारात वापस लौट गई. शादी समारोह में हुए इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद केतार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में लगी हुई है.
डीजे और आर्केस्ट्रा की वजह से शादी टूटने और बारात के बिना दुल्हन लौटने की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.