20 दिन, 3-कोशिशें और 400 फीट गहरी खाई में खत्म एक जिंदगी… बारीकी से जानें केतन अग्रवाल हत्याकांड की डिटेल Timeline
TV9 Bharatvarsh June 25, 2026 04:43 PM

Lohagad Murder Case In Detail: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मर्डर मिस्ट्री में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन को रास्ते से हटाने के लिए तीन अलग-अलग प्लान बनाए थे. आखिरकार 18 जून को लोहागढ़ किले पर सिया के ‘झुकने के इशारे’ पर चेतन ने केतन को 400 फीट नीचे खाई में धकेल दिया. आज हम जानेंगे घटनाक्रम की तारीख-दर-तारीख पूरी कहानी.

बहरहाल, सिया और चेतन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. दोनों फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं. सिया की मानें तो वो कभी भी केतन से शादी करना ही नहीं चाहती थी. उसने केतन को ये बात बताई भी थी. मगर केतन शादी तोड़ने को तैयार नहीं था. चेतन ने कहा कि सिया मेरे साथ भागने के लिए भी तैयार नहीं थी. वो नहीं चाहती थी कि उसके परिवार की बदनामी हो.

फरवरी 2026 | जब शुरू हुई कहानी

रिश्ता और सगाई: रिश्तेदारों के माध्यम से पुणे के बड़े रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल और सिया गोयल का रिश्ता तय हुआ था. इसके बाद पुणे के एक आलीशान होटल में दोनों की धूमधाम से सगाई संपन्न हुई. दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुट गए थे.

30 मई 2026 | किले पर जाने का पहला आग्रह

साजिश की शुरुआत: केतन ने अपने परिवार को बताया कि सिया लगातार उससे लोहागढ़ किला (Lohagad Fort) घूमने जाने का आग्रह कर रही है. मंगेतर की खुशी के लिए परिवार ने दोनों को साथ जाने की अनुमति दे दी.

31 मई 2026 | पहला दौरा और ‘डेथ पॉइंट’ की रेकी

प्लान-1 (असफल): केतन और सिया लोहागढ़ किला घूमने गए. पुलिस जांच के मुताबिक, सिया ने इसी दिन खाई के पास एक खतरनाक स्थान को ‘डेथ पॉइंट’ के रूप में चिन्हित किया था. हालांकि, यहां केतन को नुकसान पहुंचाने का सिया का पहला प्रयास असफल रहा.

ये भी पढ़ें: तुम दोनों ने भाग र शादी क्यों नहीं कर ली, केतन हत्याकांड में सिया के बॉयफ्रेंड चेतन ने बताया ऐसा कारण, सुनकर पुलिस रह गई सन्न

4 जून 2026 | दूसरी बार जाने की जिद और परिवार का इनकार

बढ़ा तनाव: एफआईआर (FIR) के अनुसार, महज चार दिन बाद सिया ने एक बार फिर लोहागढ़ जाने की जिद पकड़ ली. चूंकि दोनों हाल ही में वहां गए थे, इसलिए केतन के परिवार ने इस बार साफ मना कर दिया, जिससे सिया बेहद नाराज हो गई.

6 जून 2026 | बाली ट्रिप सस्पेंस और पासपोर्ट कांड

साजिश के तहत यात्रा रद्द: दोनों परिवार बाली (Bali) में एक भव्य प्री-वेडिंग शूट के लिए रवाना होने वाले थे. लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर अचानक केतन का पासपोर्ट गायब मिला, जिससे यात्रा रद्द हो गई.

बदला व्यवहार: बाद में जांच में पता चला कि सिया विदेश नहीं जाना चाहती थी, इसलिए उसने केतन का पासपोर्ट फाड़कर टॉयलेट में फ्लश कर दिया था. इस घटना के बाद केतन ने परिवार को बताया था कि सिया पिछले एक महीने से छोटी-छोटी बातों पर उससे झगड़ रही है.

14 जून 2026 | दूसरा दौरा, प्लान-2 और नाकाम हमला

सांप का नाटक: 4 जून को मना करने से नाराज सिया की जिद के आगे झुककर परिवार ने उन्हें फिर लोहागढ़ जाने दिया. पुलिस के मुताबिक, वहां सिया ने केतन को खाई में धक्का दे दिया था, लेकिन किस्मत से एक पेड़ की डाल पकड़कर केतन की जान बच गई. खुद को फंसता देख सिया ने ‘सांप आ गया’ का नाटक किया और केतन को गले लगा लिया.

14 जून के बाद | केतन को हुआ शक

चेतन चौधरी का जिक्र: इस ट्रिप से लौटने के बाद केतन ने परिवार से पूछा कि क्या सिया की पूरी बैकग्राउंड जानकारी ली गई है? उसने बताया कि सिया का फोन अक्सर व्यस्त रहता है और वह बातचीत में अक्सर ‘चेतन चौधरी’ नाम के लड़के का जिक्र करती है. (सिया ने बाद में कबूला कि उसने केतन को चेतन के बारे में बताया था, लेकिन संपन्न परिवार का होने के कारण केतन शादी तोड़ने को तैयार नहीं था).

17 जून 2026 | रात 11:00 बजे | मौत का आखिरी जाल

व्हाट्सऐप कॉल: सिया ने रात के करीब 11 बजे केतन को व्हाट्सऐप कॉल कर अगले दिन फिर से लोहागढ़ चलने की जिद की. केतन की मां राखी अग्रवाल ने बार-बार किला जाने की बात सुनकर पहले तो साफ मना कर दिया.

ये भी पढ़ें: फैमिली प्रेशर के बीच टाल-मटोल, नहीं बनी बात तो केतन अग्रवाल केस में सामने आया हत्या का असल मकसद, सिया के WhatsApp चैट से खुलासा

बर्थडे का बहाना: मां के मना करने पर सिया ने खुद केतन की मां को फोन मिलाया और कहा कि 19 जून को उसका जन्मदिन है, इसलिए वह बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए 18 जून को वहां जाना चाहती है. भावुक होकर परिवार मान गया.

18 जून 2026 | सुबह 8:30 बजे | आखिरी सफर

घर से निकला केतन: सिया ने केतन को फोन कर बताया कि वह पुणे-मुंबई हाईवे पर किवले ब्रिज के पास उसका इंतजार कर रही है. सुबह करीब 8:30 बजे केतन घर से निकला.

18 जून 2026 | मर्डर का खौफनाक ‘तीसरा प्लान’ और ‘झुकने का कोड’

कातिल की एंट्री: वारदात वाले दिन सिया का प्रेमी चेतन चौधरी अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क और हुडी पहनकर लोहागढ़ किले के प्रवेश द्वार पर पहुंचा. वहां उसने गेटकीपर धीरज जाधव से टिकट के 25 रुपये देने से भी मना कर दिया और कहा कि वह सिर्फ कसरत करने आया है. दूसरी तरफ सिया ने भी टिकट काउंटर पर बहस की.

फोन दुकान पर छोड़ा: चेतन बेहद शातिर था, वह अपना मोबाइल फोन दुकान पर छोड़ आया था ताकि लोकेशन ट्रेस न हो और अपने एक कर्मचारी का फोन साथ लाया था.

झुकने का कोड वर्ड और हत्या: पुलिस पूछताछ में सिया और चेतन ने कबूला कि दोनों के बीच एक सीक्रेट कोड तय था. योजना के मुताबिक, किले के एक सुनसान हिस्से में जैसे ही सिया केतन के सामने झुकी, यह चेतन के लिए इशारा था. सिया के झुकते ही पीछे से आकर चेतन ने केतन को 400 फीट नीचे गहरी खाई में धकेल दिया.

बैकअप प्लान (प्लान-4): पुलिस सूत्रों के अनुसार, अगर 18 जून को भी लोहागढ़ किले पर केतन बच जाता, तो इन दोनों ने केतन को एक ‘सड़क दुर्घटना’ (Road Accident) का शिकार बनाने का बैकअप प्लान भी तैयार रखा था.

18 जून 2026 | सुबह 10:45 बजे | मौत की खबर

सिया की मां का फोन: केतन के निकलने के कुछ ही देर बाद सिया की मां पूजा गोयल ने केतन की मां राखी अग्रवाल को फोन कर बताया कि केतन पैर फिसलने से घाटी में गिर गया है. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

21 जून 2026 | पिता का दौरा और शक

पिता को हुआ यकीन: केतन के पिता विशाल अग्रवाल और रिश्तेदारों ने घटनास्थल का दौरा किया. वहां की स्थिति देखकर उन्हें समझ आ गया कि पैर फिसलने से कोई इतनी दूर नहीं गिर सकता. वहीं, जब सिया शोक व्यक्त करने घर आई, तो केतन की बहन के सवालों पर उसका संदिग्ध व्यवहार देखकर परिवार का शक यकीन में बदल गया.

ये भी पढ़ें: केतन को सब बताया था मैंने, फिर भी नहीं तोड़ रहा था शादी, पुणे हत्याकांड में सिया गोयल का चौंकाने वाला खुलासा

23 जून 2026 | एफआईआर (FIR) और गिरफ्तारी

दर्ज हुआ मुकदमा: केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने लोनावला ग्रामीण पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया.

खुलासे के अन्य मुख्य बिंदु

पारिवारिक प्रतिष्ठा का डर: चेतन ने बताया कि वे दोनों भागकर शादी इसलिए नहीं कर पाए क्योंकि सिया को डर था कि शादी से ठीक पहले भागने से समाज में उसके परिवार की भारी बदनामी होगी. इसलिए इज्जत बचाने के लिए उसने मर्डर का रास्ता चुना.

नशे की लत: पूछताछ में सामने आया है कि सिया और चेतन दोनों शराब और नशे के आदी थे. सिया ने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और उसके माता-पिता उसकी आदतों से परेशान होकर जल्द उसकी शादी कराना चाहते थे.

35 साल पुराना भरोसा टूटा: केतन के दादा रामविलास अग्रवाल ने बताया कि गोयल परिवार से उनके संबंध 35 साल पुराने थे. उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी होने वाली बहू ही उनके इकलौते पोते की कातिल निकलेगी.

पीड़ित पिता विशाल अग्रवाल ने कहा- हमने अपने परिवार का इकलौता बेटा खो दिया है. सरकार इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.