महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है. लगातार तीन मुकाबले गंवाने के बाद टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई थी. वहीं चौथे मैच में हार के बाद उसके लिए डायरेक्ट क्वालिफिकेशन का रास्ता भी लगभग बंद हो गया था. हालांकि आईसीसी के नियमों में मौजूद एक विशेष प्रावधान की वजह से पाकिस्तान को अगले विश्व कप का टिकट मिलने में कोई परेशानी नहीं होगी. मौजूदा टूर्नामेंट में आईसीसी ने दो ग्रुप बनाए हैं, जिनमें छह-छह टीमों को रखा गया है. दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. वहीं बाकी चार-चार टीमों का सफर ग्रुप चरण में समाप्त हो जाएगा. इसके बावजूद इन बाहर होने वाली टीमों में से कुछ के लिए अच्छी खबर भी होगी, क्योंकि उन्हें अगले टी20 विश्व कप में सीधे खेलने का मौका मिलेगा. आईसीसी के नियमों के मुताबिक जो टीमें अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष चार स्थानों पर फिनिश करेंगी, उन्हें अगले महिला टी20 विश्व कप के लिए सीधा टिकट मिलेगा.
पाकिस्तान को मिलेगी सीधे एंट्री
इस नियम के आधार पर देखा जाए तो पाकिस्तान की टीम सीधे क्वालिफाई करने की स्थिति में नहीं है, क्योंकि ग्रुप ए में मौजूद यह टीम चौथे स्थान तक पहुंचने में सफल नहीं हो पाएगी. ऐसे में सामान्य परिस्थितियों में पाकिस्तान को अगले टी20 विश्व कप की डायरेक्ट एंट्री नहीं मिलती. लेकिन आईसीसी के एक अन्य नियम की वजह से पाकिस्तान की जगह पहले से ही सुरक्षित है. दरअसल, अगले महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी पाकिस्तान के पास है. मेजबान देश होने के कारण पाकिस्तान को टूर्नामेंट में स्वतः स्थान मिलेगा. इसी वजह से उसे क्वालिफिकेशन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी.
अगर पाकिस्तान मेजबान नहीं होता तो फिर उसे क्वालिफायर मुकाबलों या आईसीसी रैंकिंग के आधार पर अगले विश्व कप में जगह बनाने की कोशिश करनी पड़ती. लेकिन चूंकि टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान के पास है, इसलिए उसकी भागीदारी पहले से तय है. इसके बाद शेष टीमें अपने प्रदर्शन के आधार पर टूर्नामेंट में पहुंचेंगी.
यह भी पढ़ें- Hardik Pandya Trade IPL 2027: आईपीएल 2027 में हार्दिक पांड्या किस टीम का होंगे हिस्सा? जान लीजिए
यही कारण है कि सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी टीमों का पूरा ध्यान अब अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष चार स्थान हासिल करने पर होगा. ग्रुप ए में नीदरलैंड्स के लिए सीधे क्वालिफाई करने की संभावना काफी कमजोर नजर आ रही है, जबकि ग्रुप बी में आयरलैंड और स्कॉटलैंड के भी टॉप 4 से बाहर रहने की संभावना है.