फिल्म अगर 100 करोड़ कमाती है तो प्रोड्यूसर के हिस्से में कितना जाता है? राजकुमार हिरानी ने बताया सच
TV9 Bharatvarsh June 25, 2026 10:43 PM

Rajkumar Hirani On Earning From A Film As Producer: जब भी कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई करती है तो हर तरफ उसकी चर्चा शुरू हो जाती है, लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि फिल्म जितना कलेक्शन करती है, उसका आधा भी प्रोड्यूसर के खाते में नहीं जाता है. प्रोड्यूसर के पास टोटल कलेक्शन का सिर्फ 35 से 40 प्रतिशत ही पहुंचता है. फिल्म की कमाई का पूरा गणित दिग्गज डायरेक्ट राजकुमार हिरानी ने समझाया है.

राजकुमार हिरानी ने यूट्यूबर संजय अरोड़ा के साथ बातचीत में कहा, “फिल्म की कमाई का पहला बड़ा सोर्स टिकट की बिक्री है. लेकिन जब आप इस बारे में बात करते हैं कि किसी फिल्म ने 100 करोड़ का बिजनेस किया है, तो उसमें से 50 परसेंट मल्टीप्लेक्स में चला जाता है. तो जब आप 100 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पढ़ते हैं, तो उसमें से प्रोड्यूसर को 50 करोड़ भी नहीं मिलते हैं.”

एक बड़ा हिस्सा थिएटर्स मालिकों के पास चला जाता है

हिरानी ने आगे कहा, “कमाई का अलग-अलग हिसाब है. पहले हफ्ते में थिएटर्स 50 प्रतिशत हिस्सा लेते हैं, दूसरे हफ्ते में वो 60 परसेंट लेते हैं और तीसरे हफ्ते में 70 परसेंट. यानी कमाई का एक बड़ा हिस्सा थिएटर के पास चला जाता है. ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि जैसे-जैसे हफ्ते गुजरते जाते हैं, थिएटर्स में ऑडियंस की संख्या कम होती चली जाती है. डिस्ट्रीब्यूटर शेयर और एडवरटाइजिंग कॉस्ट भी होता है. इसलिए प्रोड्यूसर के पास जो पैसे आते हैं, वो 40 परसेंट होता है, कई बार तो 35 परसेंट भी आते हैं.”

राजकुमार हिरानी का कहना है कि जब 100 करोड़ के बिजनेस की बात होती है, तो पूरा का पूरा पैसा प्रोड्यूसर के पास नहीं आता है बल्कि अगर बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ की कमाई हुई है, तो 35-40 करोड़ ही प्रोड्यूसर को मिलते हैं.

ये भी पढ़ें-

तेलुगु फिल्म का OTT पर रिकॉर्ड, प्रोजेक्ट हेल मैरी-माइकल जैसी हॉलीवुड फिल्म को पछाड़ा

अनुपमा को लगा झटका, नागिन 7 की धमाकेदार विदाई, टॉप 20 TV शोज की टीआरपी लिस्ट

यहां से प्रोड्यूसर कमाते हैं पैसा

उन्होंने ये भी कहा, “कमाई के और भी जरिए हैं. जैसे- सैटेलाइट यानी फिल्म को किसी टीवी चैनल को बेचना, ताकि वो फिल्म टीवी पर चलाई जा सके, लेकिन अब इसमें काफी कमी आ चुकी है. ओटीटी और म्यूजिक राइट्स भी कमाई के सोर्स हैं. ये 3-4 ही जरिए हैं, जहां से प्रोड्यूसर को अपनी सारी लागत निकालनी पड़ती है. साथ ही मार्केटिंग का खर्च भी होता है.”

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.