IND-A vs SL-A: वैभव सूर्यवंशी से पहले चमका ये भारतीय बल्लेबाज, डेब्यू मैच में बल्ले से दिखाया दम
TV9 Bharatvarsh June 26, 2026 07:42 AM

इन दिनों अगर किसी एक डेब्यू का हर किसी को इंतजार है तो वो है वैभव सूर्यवंशी का. भारत के इस 15 साल के युवा बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक बैटिंग से पूरी दुनिया का ध्यान खींचा हुआ है. आयरलैंड के खिलाफ 26 जून को टी20 मैच में उनका डेब्यू हो सकता है. मगर इससे ठीक एक दिन पहले भारत के ही एक युवा बल्लेबाज का खास डेब्यू हुआ, जिसने आते ही अपना कमाल भी दिखा दिया. ये बल्लेबाज हैं शेख रशीद, जिन्होंने इंडिया-ए के लिए अपना डेब्यू किया और श्रीलंका-ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट मैच के पहले दिन अर्धशतक जमा दिया.

इंडिया-ए के लिए डेब्यू का मौका

जहां हर किसी की नजरें भारत और आयरलैंड के बीच होने जा रही टी20 सीरीज पर लगी हैं, वहीं उससे ठीक एक दिन पहले श्रीलंका में ये टेस्ट मैच शुरू हुआ. फर्स्ट क्लास क्रिकेट के दर्जे वाले इस अनौपचारिक टेस्ट मैच में भारतीय टीम ध्रुव जुरेल की कप्तानी में उतरी. मैच का पहला ही दिन भारतीय टीम के नाम रहा, जिसने पहले बैटिंग की और स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन के शतक की मदद से 4 विकेट खोकर 333 रन बना लिए.

गॉल में खेले जा रहे इस मैच के पहले दिन के स्टार तो बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन ही रहे, जिन्होंने ये दमदार शतक जमाया लेकिन ये मुकाबला युवा बल्लेबाज शेख रशीद के लिए ज्यादा खास रहा. घरेलू क्रिकेट में आंध्र के लिए खेलकर पिछले कुछ सीजन में रशीद ने खास पहचान बनाई है. अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे रशीद को घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन का इनाम ही इंडिया-ए में सेलेक्शन के रूप में मिला और उन्होंने निराश नहीं किया.

पहले दिन ही खेली रशीद ने जोरदार पारी

इंडिया-ए को टॉप ऑर्डर ने शुरुआत तो अच्छी दिलाई लेकिन एक भी बड़ी साझेदारी देखने को नहीं मिली. जब टीम ने 217 के स्कोर पर सुदर्शन का विकेट गंवाया तो 21 साल के रशीद की क्रीज पर एंट्री हुई और यहां से उन्होंने कप्तान जुरेल के साथ मिलकर पारी को संभाला. इसी दौरान रशीद ने दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया. ये इंडिया-ए के लिए पहली ही पारी में उनका पहला ही अर्धशतक है. उन्होंने कप्तान जुरेल के साथ मिलकर नाबाद 116 रन की साझेदारी कर ली.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.