मोहर्रम के जुलूस में कहीं बवाल, कहीं हादसा तो कहीं खतरनाक स्टंट… बिहार-MP में 3 की मौत, कई घायल
TV9 Bharatvarsh June 26, 2026 09:43 PM

Muharram 2026: मोहर्रम के जुलूसों के बीच देश के अलग-अलग राज्यों से हादसे और विवाद की तस्वीरें सामने आई हैं. बिहार के शिवहर में मोहर्रम की तैयारियों के दौरान निकले अखाड़ों के बीच रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चले, जिसमें 10 से 15 लोगों के घायल हो गए. वहीं मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के हतनारा गांव में ताजिया जुलूस उस समय दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया, जब लगभग 10 फीट ऊंची ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई. करंट फैलते ही जुलूस में अफरा-तफरी मच गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. दूसरी ओर उज्जैन के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें क्रेन से करीब 40 फीट ऊंचाई पर टाटा मैजिक वैन को हवा में लटकाकर धमाके के साथ उड़ाया गया.

बता दें कि बिहार के शिवहर जिले में मोहर्रम की तैयारियों के दौरान निकले अखाड़ों के अभ्यास जुलूस में दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. नगर परिषद क्षेत्र के लेबर चौक (गांधी चौक) के पास वार्ड नंबर-7 के इस्लामिया अखाड़ा और वार्ड नंबर-8 के मंसूरिया अखाड़ा के बीच पहले रास्ता देने और क्रॉसिंग को लेकर कहासुनी हुई. कुछ देर बाद गांधी चौक के पास दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए.

देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और जमकर ईंट-पत्थरबाजी हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब एक घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना में दोनों पक्षों के 10 से 15 लोगों के घायल होने की सूचना है. झड़प के समय मौके पर करीब 150 से 200 लोग मौजूद थे.

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप

इस्लामिया अखाड़ा के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शमीम राज ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय पर उनका अखाड़ा निकल रहा था. परंपरा के अनुसार क्रॉसिंग के दौरान अनुमति ली जाती है, लेकिन दूसरे पक्ष ने पहले लाठी-डंडों से हमला किया और बाद में गांधी चौक पर दोबारा पथराव किया.

वहीं मंसूरिया अखाड़ा के अध्यक्ष मोहम्मद दाऊद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था. उन्होंने दावा किया कि इस्लामिया अखाड़ा के कुछ लोग लाठियां लहराते हुए निकले, जिससे विवाद बढ़ा और उनके पक्ष के करीब छह लोग घायल हो गए.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू

सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनुशील कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात पर काबू पाया. पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

रतलाम में हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में मुहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया. लगभग 10 फीट ऊंचा ताजिया पंचमुखी महादेव मंदिर के पास से गुजर रहा था, तभी उसका ऊपरी हिस्सा 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट फैलते ही ताजिया को कंधा देकर चल रहे लोग उसकी चपेट में आ गए. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग झुलस गए. गंभीर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के समय जुलूस में लगभग 200 लोग शामिल थे. हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई. प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं- मोहर्रम जुलूस में 40 फीट ऊपर लटकी वैन, फिर हुआ धमाका उज्जैन का दिल दहला देने वाला VIDEO वायरल

उज्जैन में क्रेन से 40 फीट ऊपर लटकाकर उड़ाई वैन

वहीं मध्य प्रदेश के ही उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से करीब 40 फीट ऊपर हवा में लटकाया गया है. वैन पर सवार दो युवक लाल झंडे लहराते दिखाई देते हैं और कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ वाहन को उड़ा दिया जाता है. बताया जा रहा है कि वाहन पर “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था. इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी जमकर आलोचना हो रही है.

संतों ने उठाए सवाल, पुलिस ने शुरू की जांच

हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरी ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अन्य आयोजनों में पटाखों और विस्फोटक गतिविधियों पर रोक लगाई जाती है, तो इस तरह का प्रदर्शन किस अनुमति के तहत किया गया. वहीं हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने भी वाहन पर कथित आपत्तिजनक पोस्टर लगाए जाने का आरोप लगाया है.

बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है. आयोजकों से पूछताछ की जा रही है. विस्फोट किस सामग्री से किया गया और इसके लिए प्रशासन की अनुमति थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन की अपील

इन घटनाओं के बाद संबंधित जिलों के प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने या लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.