चलती ट्रेन में यात्री को सांप ने काटा! जबलपुर स्टेशन पर मचा हड़कंप, बदलना पड़ा पूरा कोच
TV9 Bharatvarsh June 26, 2026 09:43 PM

Jabalpur News: चलती ट्रेन के स्लीपर कोच में सांप होने की सूचना से जबलपुर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुणे से पटना जा रही ट्रेन नंबर 17610 पुणे-पटना एक्सप्रेस के एक यात्री को सांप ने काट लिया. सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और सर्प विशेषज्ञों की टीम तत्काल हरकत में आ गई. ट्रेन के जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर पहुंचते ही संदिग्ध कोच को घेर लिया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. फिलहाल यात्री को जबलपुर की विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

यात्री के हाथ में सांप ने काटा!

बताया गया कि एस-8 कोच की बर्थ नंबर 69 पर सफर कर रहे 20 वर्षीय यात्री विकास कुमार ने अपने हाथ में सांप के काटने की शिकायत की थी. युवक आदिलाबाद से पटना की यात्रा कर रहा था. सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे अधिकारियों ने बिना किसी देरी के सर्प विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया. इसके बाद पूरी बोगी के कोने-कोने की बारीकी से तलाशी ली गई. सीटों के नीचे, लगेज रैक, शौचालय और अन्य सभी संभावित स्थानों की जांच की गई, लेकिन काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद सांप का कोई सुराग नहीं मिला.

ये भी पढ़ें- ग्वालियर में हैवानियत की हद! पति ने प्रेग्नेंट पत्नी को बेरहमी से पीटा, फिर तेजाब पिलाया; मौत

इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया

इस दौरान कोच में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों ने एहतियातन संदिग्ध कोच को ट्रेन से अलग कर दिया. इसके बाद उसकी जगह दूसरा कोच लगाया गया और ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया. वहीं सांप के काटने की शिकायत करने वाले यात्री को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार और आवश्यक इंजेक्शन देने के बाद उसकी हालत सामान्य पाई और उसे डिस्चार्ज कर दिया. इसके बाद यात्री को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया.

GRP प्रभारी ने दी जानकारी

जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और स्नेक रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से पूरे कोच की जांच की. हालांकि, जांच के दौरान सांप होने का कोई साक्ष्य नहीं मिला. यात्री का बयान और वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है. सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित बोगी को बदलकर नई बोगी लगाई गई और ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया गया.

सर्प विशेषज्ञों का कहना है कि कई बार यात्रियों को किसी कीड़े के काटने या किसी अन्य कारण से भी सांप के काटने जैसा भ्रम हो सकता है. हालांकि ऐसी किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लिया जा सकता. यही वजह रही कि रेलवे प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरतते हुए विशेषज्ञों की मौजूदगी में पूरे कोच की जांच कराई, लेकिन कहीं भी सांप नहीं मिला.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.