Abhishek Sharma Record: अभिषेक शर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ जमाया रिकॉर्डतोड़ अर्धशतक, सिर्फ इतनी गेंदों में रचा इतिहास
TV9 Bharatvarsh June 27, 2026 12:43 AM

अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2026 में कमाल प्रदर्शन करने के बाद अब आयरलैंड में भी अपने बल्ले की धमक दिखाई है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में सिर्फ 19 गेंदों पर अर्धशतक जमाया. इसके साथ ही अभिषेक शर्मा के नाम आयरलैंड में सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. अभिषेक शर्मा हालांकि आयरलैंड में ऑल फॉर्मेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी नहीं है. आयरलैंड में सबसे तेज अर्धशतक वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्डे ने लगाया है. उन्होंने 16 गेंदों में ये कमाल किया था.

अभिषेक शर्मा की तूफानी बैटिंग

वैसे बेलफास्ट की जिस पिच पर संजू सैमसन, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर जैसे बल्लेबाज फेल हो गए वहां अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए पचासा जड़ा. इस खिलाड़ी ने अपनी पारी में 2 छक्के और 7 चौके लगाए और वो 11वें अर्धशतक तक पहुंचे. अभिषेक शर्मा ने पहले ओवर से ही आयरलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया. उन्होंने अपनी दूसरी ही गेंद पर छक्का लगाकर इरादे साफ कर दिए. तीसरी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा. दूसरे ओवर में शर्मा ने जय मूंदड़ा की गेंद पर कमाल का छक्का जमा दिया. लियम मैकार्थी के ओवर में अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए पांच गेंदों पर चार चौके लगाए. हालांकि अर्धशतक लगाते ही अभिषेक शर्मा ने अपना विकेट गंवा दिया, वो 20 गेंदों में पचास रन बनाकर आउट हुए. अभिषेक को लियम मैकार्थी ने शॉर्ट गेंद पर आउट किया.

भारत का टॉप ऑर्डर रहा फेल

अभिषेक शर्मा ने तो बेहतरीन बैटिंग की लेकिन आयरिश गेंदबाजों ने भारत के दूसरे टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को काफी परेशान किया. संजू सैमसन तो अपना पहला मैच खेल रहे राज मूंदड़ा की पहली गेंद पर बोल्ड हो गए. इसके बाद ईशान किशन को मैट होलार्ड ने शॉर्ट गेंद पर आउट किया, वो 1 ही रन बना सके. कप्तान श्रेयस अय्यर भी इस मैच में फेल रहे. बतौर कप्तान अपने डेब्यू मैच में वो 3 रन बनाकर आउट हो गए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.