इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स हमेशा ही सुर्खियों में बने रहते हैं. कभी अपने अजीब बयानों से, कभी अपने विवादों से और अक्सर अपने प्रदर्शन से. इंग्लैंड-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के दौरान उनके ये तीनों ही अंदाज देखने को मिल गए हैं. नाइटक्लब विवाद के कारण दूसरे टेस्ट मैच से बाहर रहने के बाद तीसरे में वापसी करने वाले बेन स्टोक्स ने न सिर्फ अपनी टीम की वापसी कराई, बल्कि एक खास उपलब्धि भी हासिल कर ली. नॉटिंघम टेस्ट मैच के दूसरे दिन स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 250 विकेट पूरे कर लिए और एक खास लिस्ट में शामिल होने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए.
स्टोक्स ने लिए 4 विकेट, 250 शिकार पूरेट्रेंट ब्रिज स्टेडियम में 25 जून से शुरू हुए टेस्ट सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच के पहले दिन न्यूजीलैंड ने मेजबान इंग्लैंड को खूब परेशान किया था. कप्तान टॉम लैथम और डेवन कॉनवे की ओपनिंग जोड़ी ने 300 रन से ज्यादा की साझेदारी की थी और शतक जमाए थे. मगर मैच के दूसरे दिन कीवी पारी 438 रन पर ही खत्म हो गई और इसकी वजह बने इंग्लैंड के कप्तान स्टोक्स, जिन्होंने इस पारी में सबसे अच्छी गेंदबाजी की और सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.
मैच के पहले दिन लैथम और कॉनवे के बीच 317 रन की साझेदारी तोड़ने के बाद स्टोक्स ने ही दूसरे दिन के पहले सेशन में न्यूजीलैंड के 3 विकेट गिराए. इस दौरान ही इंग्लिश कप्तान ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 250 विकेट भी पूरे कर लिए. इस मुकाम को छूने वाले वो इंग्लैंड के 9वें गेंदबाज बन गए. मगर अपने 250वें विकेट के साथ उन्होंने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की, जो इंग्लिश क्रिकेट में पहली और टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ दूसरी बार हुआ है.
ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे क्रिकेटरअसल में बेन स्टोक्स के टेस्ट में 250 विकेट के साथ ही 7000 से ज्यादा रन भी हैं और ऐसा करने वाले वो सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इस लिस्ट में उनके अलावा जो इकलौता नाम है, वो सबसे महान ऑलराउंडर में गिने जाने वाले साउथ अफ्रीका के दिग्गज जैक कैलिस हैं. कैलिस ने सबसे पहले ये कमाल किया था. उनके नाम टेस्ट में 13289 रन और 292 विकेट हैं. वहीं स्टोक्स के खाते में 250 विकेट के साथ ही 7228 रन (नॉटिंघम टेस्ट से पहले) दर्ज हो चुके हैं. इन दो के अलावा फिलहाल कोई भी ऑलराउंडर इस लिस्ट तक पहुंचने के करीब नजर नहीं आ रहा.