फिदायीन हमले से दहला कराची, PAK रेंजर्स हेडक्वार्टर के पास ब्लास्ट, 3 रेंजर समेत 8 की मौत
TV9 Bharatvarsh June 28, 2026 03:43 AM

पाकिस्तान के कराची में गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित रेंजर्स कराची के ऑफिस पर आतंकवादी हमला हुआ है. पाक मीडिया के मुताबिक, आतंकवादियों ने पहले ऑफिस के गेट पर धमाका किया, जिसके बाद पूरे इलाके में गोलीबारी शुरू हो गई. इस हमले में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 3 रेंजर शामिल हैं.

पाकिस्तानी मीडिया ने बताया कि यह सड़क कई यूनिवर्सिटी और पाकिस्तान के मौसम विभाग के पास है. जानकारी के मुताबिक घटना वाली जगह पर रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स और पुलिस कमांडो समेत स्पेशल यूनिट्स को भेजा गया. पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है.

सिंध रेंजर्स के तीन जवान शहीद

प्रांत के पुलिस प्रमुख ने बताया कि शनिवार को कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर में पैरामिलिट्री फोर्स के एक ठिकाने पर आतंकवादियों के हमले में सिंध रेंजर्स के कम से कम तीन जवान शहीद हो गए. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सिंध के इंस्पेक्टर जनरल जावेद आलम ओधो ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्थानीय रेंजर्स मुख्यालय पर हुए हमले में तीन आतंकवादी भी मारे गए हैं. अब तक कुल 8 लोगों की मौत हो चुकी है.

पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने की इलाके की घेराबंदी

पुलिस प्रमुख ने बताया कि सफाई अभियान (मोपिंग-अप ऑपरेशन) चल रहा है और इलाके को स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट (SSU) कमांडो, एंटी-टेररिस्ट फोर्स (ATF) और रेंजर्स के जवानों ने घेर लिया है. उन्होंने कहा कि इलाके में भारी गोलीबारी और धमाके की खबर मिलने के बाद सुरक्षा बल वहां पहुंचे. वहीं हालात को काबू में करने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स और पुलिस कमांडो समेत स्पेशल यूनिट्स को भी मौके पर भेजा गया.

पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने उस इलाके की घेराबंदी भी कर दी. रेस्क्यू 1122 सिंध ने बताया कि उन्हें गुलिस्तान-ए-जौहर ब्लॉक 5 के पास धमाके की खबर मिली थी और उन्होंने तुरंत अपने सेंट्रल कमांड और कंट्रोल सेंटर से टीमें मौके पर भेजीं.

प्रवक्ता के अनुसार, रेस्क्यू 1122 की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्टैंड-बाय पर थीं. पुनर्वास मामलों में मुख्यमंत्री के सलाहकार ज्ञान चंद इसरानी और रेस्क्यू 1122 (सिंध) के डायरेक्टर जनरल ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) वाजिद सिबगतुल्लाह के निर्देश पर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ. आबिद जलालुद्दीन शेख को भी घटना स्थल पर भेजा गया.

सिंध के मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट

सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने मोसामियात चौरंगी के पास हुए धमाके और कथित गोलीबारी की खबरों का संज्ञान लिया और घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी. उनके प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने सिंध के इंस्पेक्टर जनरल और कराची के एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल से संपर्क किया और उन्हें निर्देश दिया कि पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की प्रकृति का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करे. सिंध के गृह मंत्री जिया-उल-हसन लंजार ने भी गुलिस्तान-ए-जौहर में हुई घटना का संज्ञान लिया और एडिशनल IG से विस्तृत रिपोर्ट मांगी. गृह विभाग के अनुसार, उन्होंने निर्देश दिया कि घटना का पूरा विवरण जल्द से जल्द सौंपा जाए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.