मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीली दवा बांट रहा फैयाज गिरफ्तार, 14,900 कैप्सूल बरामद… कुछ दिन पहले गया था ईरान-इराक
TV9 Bharatvarsh June 28, 2026 03:43 PM

Mumbai Crime News: आर्थिक राजधानी मुंबई में मुहर्रम के ताज़िया जुलूस के दौरान एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज साजिश का भंडाफोड़ हुआ है. मुंबई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जुलूस में जहरीली दवाइयां बांट रहे एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से भारी मात्रा में संदिग्ध कैप्सूल बरामद हुए हैं, जिनमें चूहा मारने वाला घातक जहर होने की आशंका है. पुलिस इस मामले में टेरर एंगल (आतंकी कनेक्शन) और आरोपी के विदेशी दौरों की भी गहनता से तफ्तीश कर रही है.

यह पूरी घटना दक्षिण मुंबई के भायखला-रे रोड इलाके की है. मुहर्रम के जुलूस के दौरान पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि एक शख्स वहां मौजूद अकीदतमंदों (श्रद्धालुओं) को मुफ्त में कैप्सूल बांट रहा है. वह लोगों से कह रहा था कि ये कैप्सूल दर्द निवारक (Painkillers) और सेहत के लिए फायदेमंद (Health Supplements) हैं.

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी को हिरासत में ले लिया. जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से करीब 14,900 कैप्सूल बरामद हुए. पुलिस ने समय रहते उसे दबोच लिया, वरना एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था.

‘जिंक फॉस्फाइड’ होने की आशंका, एक की हालत बिगड़ी

मुंबई पुलिस के डीसीपी जयंत मीणा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच और पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने करीब 30 हजार खाली कैप्सूल मंगवाए थे और उनमें जहरीला रसायन भरा था. शुरुआती जांच में इन कैप्सूलों के अंदर ‘जिंक फॉस्फाइड’ होने की बात सामने आई है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहा मारने की दवा में होता है. हालांकि, अंतिम पुष्टि के लिए फॉरेंसिक (FSL) रिपोर्ट का इंतज़ार है.

जांच के दौरान यह भी पता चला है कि आरोपी के झांसे में आकर एक व्यक्ति ने वह कैप्सूल खा लिया था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस अब उन लोगों का पता लगा रही है जिन्होंने आरोपी से कैप्सूल लिए थे.

क्या है जिंक फॉस्फाइड?

एक्सपर्ट्स (डॉ. दीपांजलि पाठक) के अनुसार, जिंक फॉस्फाइड एक अत्यंत खतरनाक और विषैला केमिकल है. पेट में जाने के बाद यह शरीर के भीतर बेहद जहरीली गैस बनाता है, जिससे इंसान के फेफड़े, लीवर और किडनी तुरंत डैमेज हो सकते हैं. इसकी थोड़ी सी भी अधिक मात्रा जानलेवा साबित होती है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा: बैलेंस बिगड़ा और बैरा स्यूल नदी में गिर गई कार, 4 लोगों की मौके पर मौत

कौन है आरोपी फैयाज? टेरर एंगल और विदेशी कनेक्शन की जांच

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 41 वर्षीय फैयाज़ निसार हुसैन प्रेमजी के रूप में हुई है, जो पुणे के पॉश इलाके विमान नगर का रहने वाला है. फैयाज़ ने बीबीए (BBA) तक पढ़ाई की है और वह अपने पारिवारिक पेंट (Paint) के बिजनेस से जुड़ा हुआ है. उसका पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है.

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस कई गंभीर कड़ियों को जोड़कर देख रही है:

  • टेरर एंगल की जांच: क्या इस साजिश के पीछे कोई आतंकी मॉड्यूल या स्लीपर सेल काम कर रहा था?
  • ईरान-इराक दौरा: जांच में सामने आया है कि आरोपी फैयाज कुछ समय पहले ईरान और इराक गया था. पुलिस केंद्रीय एजेंसियों की मदद से यह पता लगा रही है कि वह वहां क्यों गया था, किससे मिला था और क्या वह किसी प्रतिबंधित या कट्टपंथी संगठन के संपर्क में था?
  • सप्लाई चेन: इतने बड़े पैमाने पर खाली कैप्सूल और भारी मात्रा में जिंक फॉस्फाइड उसे कहां से और किसने सप्लाई किया?

मुंबई पुलिस फिलहाल आरोपी के मोबाइल फोन, डिजिटल डेटा, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) को खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद इस कथित साज़िश के पीछे के असली मास्टरमाइंड और मकसद का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.