Early Warning Signs Of Brain Tumor: सिरदर्द एक ऐसी समस्या है जिससे लगभग हर व्यक्ति कभी न कभी परेशान होता है. ज्यादातर मामलों में इसकी वजह तनाव, नींद की कमी, डिहाइड्रेशन, लंबे समय तक स्क्रीन देखने या थकान जैसी सामान्य स्थितियां होती हैं. थोड़ा आराम, पर्याप्त पानी और जरूरत पड़ने पर दवा लेने से यह ठीक भी हो जाता है. लेकिन जब सिरदर्द बार-बार लौटने लगे, पहले से अलग महसूस हो या इसके साथ कुछ असामान्य लक्षण दिखाई दें, तब इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है.
इस गंभीर बीमारी के हो सकते हैं लक्षण
अक्सर लोग मानते हैं कि ब्रेन ट्यूमर का पहला संकेत असहनीय सिरदर्द होता है, लेकिन हकीकत इससे अलग है. कई बार शुरुआती लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि लोग उन्हें तनाव, बढ़ती उम्र या काम के दबाव का असर समझ लेते हैं. यही वजह है कि बीमारी का पता लगने में देरी हो जाती है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर्स एंड स्ट्रोक के अनुसार, ब्रेन ट्यूमर के लक्षण उसके आकार, स्थान और बढ़ने की गति पर निर्भर करते हैं. सिरदर्द के अलावा याददाश्त में बदलाव, नजर कमजोर होना, व्यवहार में परिवर्तन, दौरे पड़ना और संतुलन बिगड़ना भी इसके संकेत हो सकते हैं.
कैसे होती है ब्रेन ट्यूमर की शुरुआत?
डॉ. उज्ज्वल येओले ने TOI को बताया कि यह एक बड़ा भ्रम है कि ब्रेन ट्यूमर हमेशा सिरदर्द से ही शुरू होता है. कई मरीजों में शुरुआत में याददाश्त कमजोर होने लगती है, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होती है या व्यवहार में बदलाव दिखाई देता है. कुछ लोगों को बोलने में कठिनाई होने लगती है, जबकि कुछ की नजर धुंधली होने लगती है. चूंकि दिमाग का हर हिस्सा अलग-अलग कार्यों को कंट्रोल करता है, इसलिए ट्यूमर का असर भी उसी के अनुसार दिखाई देता है.
इसे भी पढ़ें- Single Malt Whisky: कैसे पीनी चाहिए सिंगल मॉल्ट व्हिस्की, जानें क्या है इसे पीने का सबसे सही तरीका?
कब आपको डॉक्टर के पास जाना चाहिए?
डॉ. उज्ज्वल येओले के मुताबिक, हर सिरदर्द चिंता की बात नहीं है, लेकिन अगर दर्द लगातार बढ़ रहा हो, बार-बार हो रहा हो, नींद से जगा दे या पहले के मुकाबले अलग महसूस हो तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. खासतौर पर अगर इसके साथ उल्टी, धुंधला दिखना, कमजोरी, भ्रम या अन्य न्यूरोलॉजिकल लक्षण भी मौजूद हों तो जांच करवाना जरूरी हो जाता है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर्स एंड स्ट्रोक की रिसर्च भी बताती है कि गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से जुड़े सिरदर्द समय के साथ बढ़ सकते हैं और उनके साथ अन्य लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं.
क्या होते हैं इसके लक्षण?
ब्रेन ट्यूमर के कुछ संकेत ऐसे होते हैं जिन्हें परिवार के लोग मरीज से पहले पहचान लेते हैं. अचानक चिड़चिड़ापन बढ़ना, बात करने के तरीके में बदलाव, सामाजिक गतिविधियों से दूरी बनाना या बार-बार चीजें भूलना ऐसे संकेत हो सकते हैं जिन्हें अक्सर लोग मानसिक तनाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. इसी तरह धुंधला या डबल दिखना, चलते समय संतुलन बिगड़ना, हाथ-पैरों में कमजोरी महसूस होना या सही शब्द खोजने में परेशानी होना भी चेतावनी के संकेत हो सकते हैं. ब्रेन ट्यूमर को पूरी तरह रोकने का कोई निश्चित तरीका फिलहाल मौजूद नहीं है. हालांकि समय रहते लक्षणों को पहचानना और जांच करवाना सबसे अहम कदम है.
इसे भी पढ़ें - Summer Fatigue: गर्मियों में बार-बार महसूस हो रही थकान, जान लें यह किस बीमारी का संकेत?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.