मुंबई में दर्दनाक हादसा… स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत; 4 बच्चे घायल
TV9 Bharatvarsh June 30, 2026 09:43 PM

Mumbai News: मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. रोड नंबर-11 पर यूनिवर्सल स्कूल और तिलक नगर स्कूल के छात्रों को लेकर जा रही एक स्कूल बस पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया. इस हादसे में 10 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया.

जानकारी के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2:50 बजे हुआ. अचानक सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ बस पर गिर पड़ा, जिससे बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के समय बस में कुल 18 छात्र सवार थे.

कड़ी मशक्कत से बच्चों को बाहर निकाला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, बीएमसी और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए. बचावकर्मियों ने तुरंत बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया. अधिकांश छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक छात्र बस के अंदर फंसा हुआ था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.

एक छात्र की मौत

बीएमसी के एम वेस्ट वार्ड के सहायक आयुक्त के अनुसार, इस हादसे में 10 साल के एक छात्र की मौत हो गई. बस में सवार 18 छात्रों में से 12 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि घायल छात्रों को तत्काल चेंबूर स्थित ज़ेन अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल चार छात्रों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं.

हादसे की जांच शुरू

हादसे के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट किया गया. साथ ही, इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि पेड़ कमजोर हो चुका था या हालिया मौसम की वजह से गिरा. इस हादसा ने एक बार फिर बरसात के मौसम में पुराने और जर्जर पेड़ों की निगरानी तथा समय पर उनकी छंटाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिया है. फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

बीएमसी मुंबई वेस्ट वार्ड के असिस्टेंट कमिश्नर ने जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना में 10 साल के एक छात्र की मौत हो गई. बस में सवार 18 छात्रों में से 12 को बचा लिया गया, एक छात्र अंदर फंसा हुआ था और बाकी छात्रों को ज़ेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.