महान टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने हाल ही में करीब 4 साल बाद संन्यास से वापसी की और विंबलडन 2026 में खेलने उतरीं. उनकी वापसी अच्छी नहीं रही और वो पहले राउंड में ही हार गईं. मगर लंदन में ही विंबलन से कुछ मील दूर मशहूर ओवल क्रिकेट ग्राउंड में एक अन्य दिग्गज खिलाड़ी संन्यास से शानदार वापसी का सिलसिला जारी रहा. ये खिलाड़ी हैं साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल, जिन्होंने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में घातक गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर को दहला दिया.
ओवल में गुरुवार 2 जुलाई की शाम विमें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान इंग्लैंड और साउथ अफ्रीकाआमने-सामने थे. इस मुकाबले में इंग्लैंड पहले बैटिंग करने उतरी और उसके लिए अनुभवी ओपनर डैनियल वायट-हॉज एक और दमदार पारी खेलने के लिए बेकरार थीं. इस टूर्नामेंट में पहले ही सबसे ज्यादा रन बना चुकीं वायट-हॉज से बड़ी पारी की उम्मीद पूरे इंग्लैंड को भी थीं लेकिन इससे पहले कि वो कुछ कर पातीं, साउथ अफ्रीका की तेज गेंदबाजों का कहर टूट पड़ा.
शबनिम ने दहलाया, 50 विकेट पूरेदिग्गज ऑलराउंडर मारिजन काप और स्टार पेसर शबनिम इस्माइल ने सिर्फ 20 गेंदों के अंदर ही इंग्लैंड के शुरुआती 3 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया. काप ने जहां वायट-हॉज को बोल्ड कर सबसे बड़ा विकेट लिया तो वहीं शबनिम ने अपनी तेज रफ्तार से एमी जोंस और एलिस कैप्सी को चलता किया. जोंस सिर्फ 2 और कैप्सी 1 रन ही बना सकीं. वहीं हॉज 12 रन बनाकर आउट हुईं.
37 साल की शबनिम इस्माइल के लिए ये 2 विकेट बहुत खास थे. खास तौर पर जोंस का विकेट तो उनके लिए एक नई उपलब्धि लेकर आया. दाएं हाथ की पेसर शबनिम इस्माइल अब महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 50 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बन गईं. उन्होंने अपने 38वें मैच में ये उपलब्धि हासिल की. उनके बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की पेसर मेगन शूट हैं, जिनके नाम 48 विकेट हैं.
रिटायरमेंट के 3 साल बाद की वापसीशबनिम की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 2023 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार के बाद उन्होंने संन्यास ले लिया था. मगर 3 साल बाद इस वर्ल्ड कप के लिए उन्होंने वापसी की और सेमीफाइनल तक 6 मैच में ही उन्होंने 8 विकेट झटक लिए. वो इस वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की सबसे सफल गेंदबाज हैं. उनकी पेस बॉलिंग पार्टनर मारिजन काप ने भी 8 ही विकेट लिए हैं.