Gujrat ATS Arrested 8 Suspected Terrorists Of Jaish-e-Mohammed : गुजरात और मध्य प्रदेश से जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकियों का एटीएस ने धर दबोचा
Newsroompost-Hindi July 03, 2026 09:43 PM

नई दिल्ली। आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने 8 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। यह सभी जैश-ए-मोहम्मद के टेरर मॉड्यूल से जुड़े हुए थे और भारत में आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने का काम कर रहे थे। एटीएस ने गुजरात और मध्य प्रदेश से इन लोगों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला, इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा, मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला, जकारिया दुर्रानी, मुफ्ती फौजान, मोहम्मद अमीन शेरा, मोहम्मद अब्दुल रहमान सौदा और बिलाल मोहम्मद के रूप में हुई है।

एटीएस ने इन आरोपियों के खिलाफ यूएपीए की धारा 13, 17, 18, 38 और 39 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 148 और 61 के तहत केस दर्ज किया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है और इनके नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और कहां-कहां इनका नेटवर्क फैला हुआ है यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। एटीएस की नजर इस बात पर भी है कि क्या इन लोगों का संबंध पूर्व में किसी आतंकी घटना से रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कुछ के लिंक पाटन और नवसारी स्थित मदरसों से बताए जा रहे हैं। एक संदिग्ध मध्य प्रदेश के देवास जिले का रहने वाला है। एटीएस इनके संबंध में और जानकारी जुटा रही है।

अभी एक दिन पहले ही दिल्ली की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब से चार आतंकियों को पकड़ा है। इनके खिलाफ खुफिया इनपुट मिला था। ये आतंकी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संपर्क में थे और उसी के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इन चारों आतंकियों के पास तुर्की में बनी जिगाना पिस्टल,  विदेश में बनी एक अन्य पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन चारों से भी पूछताछ हो रही है।

The post Gujrat ATS Arrested 8 Suspected Terrorists Of Jaish-e-Mohammed : गुजरात और मध्य प्रदेश से जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकियों का एटीएस ने धर दबोचा appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.