जैसलमेर में आंधी-तूफान का कहर… स्कूटी पर सोलर पैनल गिरने से दादा-पोते घायल, एक की मौत
TV9 Bharatvarsh July 05, 2026 09:43 PM

Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर में तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई जगह यह राहत आफत में बदल गई. करीब 35 मिनट तक हुई बारिश के दौरान शहर के भीतरी इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया. वहीं तेज हवा और बारिश ने लोगों की मुश्किलों बढ़ा दी. एक सोलर पैनल स्कूटी पर गिरने से हादसा हो गया, स्कूटी जा रहे दादा-पोते दोनों घायल हो गए. वहीं इलाज के दौरान दादा की मौत हो गई, जबकि पोते का इलाज जारी है.

जानकारी के मुताबिक, जिले के गांधी कॉलोनी स्थित एक होटल की छत पर लगी सोलर प्लेट तेज हवा के कारण उखड़कर सड़क से गुजर रही एक स्कूटी पर आ गिरी. हादसे में स्कूटी सवार एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं सोलर प्लेट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई तथा सड़क किनारे खड़ी तीन से चार मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.

60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

पुलिस के अनुसार, घायल होने वालों में सुभाष खत्री (60), उनके पांच वर्षीय पोते श्याम और दो वर्षीय ऋषभ शामिल हैं. हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने तीनों को जवाहिर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद सुभाष खत्री की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया, जबकि दोनों बच्चों का उपचार जारी है. वहीं, इलाज के दौरान सुभाष खत्री की मौत हो गई है.

एंबुलेंस नहीं मिलने पर भड़के परिजन

घटना के बाद जिला अस्पताल में सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था एवं आपदा प्रबंधन पर नाराजगी जताई. सूचना मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने परिजनों के साथ मिलकर निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर गंभीर घायल को जोधपुर रवाना कराया. इस दौरान जोधपुर रेफर किए गए मरीज के साथ अस्पताल से नर्सिंगकर्मी उपलब्ध नहीं होने का मामला भी चर्चा का विषय बना.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.