अयोध्या के श्री राम मंदिर में चंदा और चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सोमवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक के लिये सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गये हैं।
राम जन्मभूमि परिसर के अंदर गेस्ट हाउस में अपराह्न तीन बजे होने वाली इस बैठक में मंदिर से चढ़ावा की कथित चोरी की जांच और ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा के इस्तीफे के मुद्दों पर अहम चर्चा होने की संभावना है।
पहले यह बैठक मणि रामदास छावनी में होनी थी मगर सुरक्षा कारणों से बैठक की जगह बदलकर मंदिर परिसर में कर दी गई है।
राम मंदिर चंदा विवाद: अखिलेश यादव का हमला, ‘प्रभु के चमत्कार से उतरा दानभक्तों का मुखौटा, बीजेपी का लंकाकांड...’ बैठक में कौन-कौन होगा शामिलपिछले महीने सांस लेने में दिक्कत और संक्रमण की शिकायत पर लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराये गये ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास को गत शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है लिहाजा उनके छावनी स्थित आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ट्रस्ट की अहम बैठक की अध्यक्षता करने की संभावना बढ़ गई है।
सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार में सचिव प्रशांत लोखंडे और उत्तर प्रदेश के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद के भी वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
राम मंदिर दान चोरीः अभी नहीं हुआ है चंपत राय का इस्तीफा, राम जन्मभूमि ट्रस्ट की अगली बैठक में होगा फैसला बैठक का एजेंडा क्या होगाबैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर विचार-विमर्श होने, दान की कथित चोरी के मामले में विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) की जांच की समीक्षा और त्यागपत्र स्वीकार किए जाने की स्थिति में ट्रस्ट में अहम पदों पर नियुक्तियों पर चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा अयोध्या में होने वाली बैठक में शामिल नहीं होंगे।
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में क्या चंपत राय को बलि का बकरा बनाया जा रहा है? अब तक क्या क्या हुआराम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच के लिए गत 13 जून को गठित एसआईटी ने 23 जून को राज्य सरकार को अपनी शुरुआती रिपोर्ट सौंपी थी, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके आठ नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था।
जांचकर्ताओं ने हटाए गए सीसीटीवी फुटेज को भी बरामद किया है, जिसमें कथित तौर पर आरोपी लोग मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय रकम छुपाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि इस मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, मगर फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है।
सूत्रों के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विवादों में घिरे ये तीनों ट्रस्ट सदस्य इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं।
बैठक के दौरान ट्रस्ट द्वारा जांच की प्रगति की समीक्षा किए जाने की भी उम्मीद है।
पीटीआई के इनपुट के साथ