देश के कई हिस्सों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मॉनसून का असर और तेज होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने डिप्रेशन और सक्रिय मॉनसून के संयुक्त प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक देश के मध्य हिस्सों में मॉनसून बेहद सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मछुआरों के लिए चेतावनीIMD के अनुसार, दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी इलाकों के ऊपर एक डिप्रेशन बना हुआ है, जिससे मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनूं, हिसार और भटिंडा से होकर गुजर रही है। अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष इलाकों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास समुद्र में खराब मौसम की चेतावनी जारी करते हुए 7 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने जिन 22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, झारखंड, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्य शामिल हैं।
दिल्ली: आज भी बारिश और तेज हवाओं के आसारराजधानी दिल्ली में मॉनसून की बारिश का दौर जारी है। IMD के अनुसार, 7 जुलाई को सुबह या दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 और 9 जुलाई को भी दिल्ली में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश: 12 जुलाई तक बारिश का अलर्टउत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, आगरा, झांसी, बरेली और अयोध्या समेत पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश होगी। 7 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार: आंधी, बिजली और भारी बारिश की चेतावनीबिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, बेगूसराय, छपरा, सहरसा और समस्तीपुर समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज आंधी और बिजली गिरने की संभावना है तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 9 से 12 जुलाई के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
राजस्थान: पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का दौरराजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, अलवर, सीकर और झुंझुनूं समेत पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है। 7 से 10 जुलाई के दौरान आंधी, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी राजस्थान में 6 से 9 जुलाई के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी और 10 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 7 और 8 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्टहिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक व्यापक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 8 से 12 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश जबकि 6 और 7 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है।
वहीं, उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। 7 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी तथा 7 से 12 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।
जम्मू-कश्मीर और झारखंड में भी अलर्टजम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, राजौरी, पुंछ, डोडा, कठुआ और उधमपुर समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उधर, झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, देवघर, दुमका, गुमला, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 7 से 10 जुलाई के दौरान आंधी, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।