IND vs ENG: वनडे सीरीज से बाहर भारतीय स्टार, 5 महीने बाद हुई थी वापसी, पांच मैच खेलकर ही फिर चोटिल
TV9 Bharatvarsh July 12, 2026 01:43 AM

टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड का दौरा किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हो रहा. टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम को इस दौरे पर एक मैच जीतने के भी लाले पड़ गए हैं. लगभग हर खिलाड़ी का प्रदर्शन बेहद खराब साबित हो रहा है. अगर ये काफी नहीं है तो टीम को कुछ अहम खिलाड़ियों की चोट से भी जूझना पड़ रहा है. टी20 सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा अब वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं. भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैच की ये सीरीज 14 जुलाई से शुरू होगी.

इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार 11 जुलाई को पांचवें टी20 मैच से ठीक पहले हर्षित राणा को लेकर ये बुरी खबर मिली. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हर्षित को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मैच के दौरान ही चोट लगी थी. इसके चलते वो चौथे मैच में नहीं खेल पाए थे और सीरीज से बाहर हो गए थे. उनकी हैमस्ट्रिंग में ये परेशानी उभरी थी, जिसके चलते वो आखिरी 2 मैच से बाहर हो गए थे.

मगर अब वो 3 मैच की वनडे सीरीज में भी नहीं खेल पाएंगे, जो उनके लिए बेहद अहम थी. जानकारी के मुताबिक, उनकी हैमस्ट्रिंग मांसपेशी फट गई है और ये ग्रेड-1 की चोट है. ऐसे में फिलहाल उन्हें किसी तरह की सर्जरी की जरूरत तो नहीं होगी लेकिन इससे उबरने के लिए आराम करना होगा. इसके चलते ही उन्हें ODI सीरीज से बाहर कर दिया गया. हालांकि BCCI की ओर से अभी तक आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, इसलिए ये भी साफ नहीं है कि उनकी जगह किसे स्क्वॉड में शामिल किया जाएगा.

आपको याद दिला दें कि 24 साल के पेसर हर्षित ने आयरलैंड और इंग्लैंड के मौजूदा दौरे से ही टीम इंडिया में वापसी की थी. उन्हें फरवरी में टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले वॉर्म-अप मैच में घुटने में चोट लग गई थी, जिसके चलते वो वर्ल्ड कप और फिर IPL 2026 सीजन से भी बाहर रहे थे. उन्हें अपने घुटने की सर्जरी करवानी पड़ी थी, जो सफल रही थी. इस चोट के कारण करीब 5 महीने तक वो बाहर रहे थे और अब टीम में लौटने के बाद सिर्फ 5 मैच के अंदर वो फिर चोटिल हो गए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.