Iran-US Conflict : ईरान का जॉर्डन स्थित अमेरिकी बेस पर हमला करने का दावा, UAE, बहरीन और कतर में भी मिसाइल अलर्ट
Webdunia Hindi July 12, 2026 02:43 PM

अमेरिका द्वारा ईरान पर ताजा सैन्य हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला कर वहां मौजूद कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और ड्रोन हैंगर को नष्ट कर दिया। ईरान का यह दावा ऐसे समय आया है जब उसने पहले होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने की घोषणा की थी और चेतावनी दी थी कि यदि उस पर और हमले हुए तो क्षेत्र में मौजूद "दुश्मन के अतिरिक्त सैन्य ठिकानों" को भी निशाना बनाया जाएगा।

ALSO READ: Strait of Hormuz Crisis : तेल-गैस की सप्लाई पर फिर खतरा, होर्मुज किया बंद तो ईरान पर टूट पड़ा अमेरिका, कंटेनर जहाज पर भी हमला

UAE, बहरीन और कतर में भी मिसाइल अलर्ट

इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE), बहरीन और कतर के अधिकारियों ने भी संभावित हमलों के संकेत दिए हैं। अबू धाबी के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ईरान की ओर से आए मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की कार्रवाई कर रही है। वहीं बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि देश में सायरन बजाए गए हैं और लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

दोहा में धमाकों की आवाजें, लोगों को घरों में रहने की सलाह

कतर की राजधानी दोहा में भी कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरकार ने लोगों के मोबाइल फोन पर सुरक्षा अलर्ट भेजकर उन्हें घरों और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी। आसमान में मिसाइल इंटरसेप्शन भी देखे गए। बाद में कतर सरकार ने दावा किया कि उसकी सशस्त्र सेनाओं ने मिसाइल हमले को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।

अमेरिकी हमलों के बाद बढ़ा तनाव

यह घटनाक्रम अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए नए सैन्य हमलों के बाद सामने आया है। अमेरिका ने यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में एक वाणिज्यिक जहाज पर कथित हमले और समुद्री मार्ग बंद करने की ईरानी घोषणा के जवाब में की थी। अब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं और पश्चिम एशिया में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ती जा रही है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.