तमिलनाडु में थलपति विजय की सरकार अब अपना पहला बजट पेश करने जा रही है, जिसे लेकर राज्यभर में सरगर्मी तेज हो गई है। जनता को इस बजट से बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं और यह कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव के दौरान किए गए कई अहम वादों को सरकार इस बजट में पूरा कर सकती है। आइए जानते हैं कि इस पहले बजट में तमिलनाडु की जनता को क्या-क्या मिलने वाला है।
5 अगस्त को वित्त मंत्री पेश करेंगे संशोधित बजट, 6 अगस्त को आएगा कृषि बजटतमिलनाडु की थलपति विजय सरकार आगामी 5 अगस्त को अपना पहला बजट पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य के वित्त मंत्री एन मैरी विल्सन विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का संशोधित बजट प्रस्तुत करेंगे। इस बात की आधिकारिक घोषणा मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर ने की। उन्होंने जानकारी दी कि 5 अगस्त को सुबह ठीक 10 बजे बजट पेश किया जाएगा। इसके अलावा, किसानों के लिए अलग से कृषि बजट अगले दिन यानी 6 अगस्त को कृषि मंत्री विनोथ द्वारा पेश किया जाएगा। सत्ता की कमान संभालने के बाद टीवीके (TVK) सरकार का यह पहला बजट होने के कारण इसे बेहद ऐतिहासिक माना जा रहा है।
वित्तीय प्राथमिकताओं और चुनौतियों से निपटने का रहेगा खास फोकसइस विशेष संशोधित बजट के जरिए सरकार मौजूदा वित्त वर्ष के बचे हुए महीनों के लिए अपनी वित्तीय प्राथमिकताओं, खर्च की योजनाओं और नई नीतिगत पहलों की पूरी रूपरेखा देश और राज्य के सामने रखेगी। इसके साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि नई सरकार सत्ता में आने के बाद सामने आ रही आर्थिक चुनौतियों का सामना किस तरह करने वाली है। आपको बता दें कि इससे पहले डीएमके सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अंतरिम बजट पेश किया था। उस दौरान अंतरिम बजट में 3.44 लाख करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति और 3.93 लाख करोड़ रुपए के राजस्व खर्च का अनुमान लगाया गया था, जिसके आधार पर 48,697 करोड़ रुपए के राजस्व घाटे की बात कही गई थी। अब देखना यह होगा कि थलपति विजय की नई सरकार इन आंकड़ों और जनता की उम्मीदों पर कैसे खरा उतरती है।