'ऑफर लेटर आने से पहले ही चली गई जॉब…' अमेरिका में 6 महीने में नौकरी गंवाने वाली भारतीय महिला की रुला देने वाली कहानी
TV9 Bharatvarsh July 22, 2026 08:43 PM

अमेरिका में करियर बनाने का सपना देख रही एक भारतीय महिला के साथ कुछ ऐसा हुआ जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी को झकझोर दिया. एक स्टार्टअप में सोशल मीडिया ग्रोथ मैनेजर के रूप में जुड़ीं रुचिका जैन को महज 6 महीने के भीतर ही नौकरी से हाथ धोना पड़ा. हैरानी की बात यह रही कि कंपनी ने उन्हें पक्का करने का वादा तो किया, लेकिन ऑफर लेटर देने से पहले ही नौकरी से निकाल दिया.

बिना ऑफर लेटर और पूर्व सूचना के मिली छंटनी की खबर

रुचिका ने बताया कि वह हमेशा की तरह अपने काम के लिए लॉग इन कर रही थीं, तभी उनके मैनेजर का फोन आया. कॉल पर उन्हें बताया गया कि बजट की कमी के कारण उनका पद समाप्त किया जा रहा है. इसके तुरंत बाद ही उनके सारे वर्क अकाउंट्स बंद कर दिए गए. उन्हें संभलने या नोटिस पीरियड का भी मौका नहीं मिला.

छुट्टियों और बीमारी में भी काम, फिर भी मिला ऐसा सिला

दिसंबर में कंपनी से जुड़ने के बाद रुचिका ने काम को हमेशा प्राथमिकता दी. उन्होंने क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के दौरान भी काम किया. यहां तक कि दादाजी के निधन के बाद भी वह घर नहीं गईं और पीठ दर्द के बावजूद देर रात तक काम करती रहीं.

मौखिक आश्वासन पर रुकी रहीं, पर मिला केवल जूम कॉल

3 महीने का प्रोबेशन पीरियड पूरा करने के बाद उन्हें मौखिक रूप से कहा गया कि वे अब फुल-टाइम कर्मचारी हैं और जल्द ही नया ऑफर लेटर मिलेगा. ढाई महीने तक वे इस लेटर का इंतजार करती रहीं, लेकिन ऑफर लेटर की जगह उनके पास छंटनी का जूम कॉल आया.

सोशल मीडिया पर मिला लोगों का जबरदस्त समर्थन

इस मुश्किल वक्त में भी रुचिका ने सकारात्मक रुख बनाए रखा. उन्होंने कहा कि वह इस अनुभव से मिले सबक के लिए आभारी हैं. सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल होने के बाद लोग उनके समर्थन में उतर आए हैं और उन्हें हिम्मत न हारने की सलाह दे रहे हैं.

यहां देखिए वायरल वीडियो

View this post on Instagram

A post shared by Ruchika Jain | USA-based Creator (@fireflydo)

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.