टीम इंडिया की टी20 एक्शन लगातार जारी है. आयरलैंड और इंग्लैंड का दौरा खत्म करने के बाद टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम का जिम्बाब्वे दौरा भी शुरू हो चुका है. ये सफर आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा, जहां टीम इंडिया को एशियन गेम्स 2026 में भी हिस्सा लेना है. इसी बीच भारतीय टीम एक ऐसी सीरीज खेलेगी, जिसमें वो अपने ही घर में मेहमान के तौर पर उतरेगी. ये सीरीज होगी भारत और अफगानिस्तान के बीच, जिसका आयोजन तो भारत में ही होगा लेकिन टीम इंडिया इसमें मेजबान नहीं बल्कि मेहमान के रूप में उतरेगी. एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये सीरीज सितंबर में दिल्ली में खेली जा सकती है.
अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीजएक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में एक टी20 सीरीज खेली जाएगी. मगर इस सीरीज के लिए मेजबान की भूमिका में BCCI नहीं बल्कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड होगा. जी हां, ये पढ़कर और सुनकर अजीब लग सकता है लेकिन ऐसा होने जा रहा है. भारत और अफगानिस्तान के क्रिकेट बोर्ड ऐसी एक सीरीज को लेकर सहमति बनी है और सितंबर में इसका आयोजन हो सकता है. जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम इस सीरीज का वेन्यू हो सकता है.
क्रिकइंफो की एक रिपोर्ट में ये खुलासा किया गया है. इसके मुताबिक भारत-अफगानिस्तान की ये सीरीज पूरी तरह अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेली जा सकती. इस सीरीज में 3 टी20 मैच खेले जाने हैं, जो 13, 15 और 17 सितंबर को हो सकते हैं. हालांकि, वेन्यू और तारीखों पर अभी दोनों बोर्ड की ओर से आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही ये घोषणा हो सकती है और दिल्ली को इन तीनों मैच की मेजबानी मिल सकती है. ये सीरीज एशियन गेम्स 2026 से ठीक पहले खेली जाएगी.
इसलिए घर में मेजबान रहेगी टीम इंडियाये पहला ही मौका होगा जब भारतीय टीम अपनी ही जमीन पर मेहमान के रूप में उतरेगी. मगर अफगानिस्तान के लिए भारत में मेजबानी का ये पहला मौका नहीं है. इससे पहले भी भारतीय जमीन पर अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड जैसी टीमों की मेजबानी की है. इसकी वजह अफगानिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए अनुकूल परिस्थितियों का अभाव है. यही कारण है कि अफगानिस्तान ने आज तक अपने देश में किसी भी टीम की मेजबानी नहीं की है.