80 लाख की जगुआर से पहुंचे, बिल्डर के घर की करोड़ों की चोरी; गैंग की 2 महिलाएं अरेस्ट… 80 थानों का हिस्ट्रीशीटर निकला मास्टरमाइंड
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 01:43 AM

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के सबसे सुरक्षित और हाई-प्रोफाइल इलाकों में शुमार अशोक नगर में बिल्डर के घर हुई करोड़ों रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने करीब 80 लाख की लग्जरी जगुआर कार का इस्तेमाल किया था. पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख रुपए नकद, सोने-हीरे के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त जगुआर कार बरामद की है. हालांकि गिरोह का मुख्य सरगना अब भी फरार है. उसकी तलाश में कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है.

9 जुलाई को हुई थी हाई-प्रोफाइल चोरी

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 9 जुलाई को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय और निशित केसरी के घर में करोड़ों रुपए की चोरी हुई थी. मामले में अरगोड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व और हटिया डीएसपी की निगरानी में विशेष एसआईटी का गठन किया गया.

ये भी पढ़ें- झारखंड के लातेहार में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घर में घुसी, महिला समेत 2 की मौत; 4 की हालत गंभीर

सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्यों से खुला राज

एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व डिजिटल साक्ष्यों की जांच की. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी वारदात से पहले रांची के एक होटल में ठहरे थे. चोरी के लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश नंबर की ब्लू रंग की जगुआर कार का इस्तेमाल किया था. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर इस कार को पश्चिम बंगाल सीमा के पास से बरामद कर लिया.

देश के 80 शहरों में चोरी कर चुका है मास्टरमाइंड

जांच में गिरोह के मुख्य सरगना की पहचान बिहार के सीतामढ़ी निवासी मो. इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ देश के एक दर्जन से अधिक राज्यों के करीब 80 थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं. वह कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. इस गिरोह में अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा भी शामिल बताए जा रहे हैं.

2 महिलाओं की गिरफ्तारी, नकदी और जेवर बरामद

मुख्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी के दौरान पुलिस ने मो. इरफान की पत्नी गुलशन प्रवीण और अफरोज की पत्नी शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया. इनके कब्जे से चोरी के 17 लाख रुपए नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, एक डायमंड और तीन सोने की अंगूठियां बरामद की गईं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई जगुआर कार भी जब्त कर ली है.

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

रांची पुलिस का कहना है कि गिरोह के मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और इसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.