मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अपडेट है. राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है. इनमें सबसे ज्यादा 8,500 कांस्टेबल (जीडी और ड्राइवर) के पद शामिल हैं. भर्ती प्रक्रिया मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से पूरी की जाएगी और जल्द ही डिटेल नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है. इसमें आवेदन की तारीख, एजुकेशनल क्वालिफिकेशन, एज लिमिट, परीक्षा का पैटर्न और चयन प्रक्रिया जैसी अहम जानकारी दी जाएगी. सरकार का लक्ष्य पुलिस विभाग में खाली पदों को तेजी से भरना और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है.
9662 पदों पर भर्ती को मिली मंजूरीमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद गृह विभाग ने अलग-अलग श्रेणियों के पदों के लिए आदेश जारी किए हैं. सबसे ज्यादा 7,500 पद आरक्षक (जीडी) और 1,000 पद आरक्षक (ड्राइवर) के लिए स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा कई प्रशासनिक और तकनीकी पदों पर भी भर्ती होगी. सरकार का कहना है कि पुलिस विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पदों को जल्द भरने की दिशा में यह बड़ा कदम है.
इसके अलावा अराजपत्रित सूबेदार (शीघ्र लेखक) के 135 पद, सहायक उपनिरीक्षक के 520 पद, अराजपत्रित सूबेदार के 81 पद, उपनिरीक्षक (जिला पुलिस) के 312 पद, उपनिरीक्षक (विशेष शाखा) के 69 पद, क्यूडी, अंगुल चिन्ह, आयुध और फोटो ब्रांच के कई पदों पर भी भर्ती की जाएगी.
जल्द जारी होगा नोटिफिकेशनइन सभी पदों पर भर्ती के लिए मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) जल्द नोटिफिकेशन जारी करेगा. नोटिफिकेशन में आवेदन शुरू होने की तारीख, एलिजिबिलिटी, एज लिमिट, परीक्षा का फॉर्मेट और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वो ऑफिशियल सूचना का इंतजार करें और अपनी तैयारी जारी रखें.
“पुलिस विभाग में कुल 18 हजार पदों को भरना है”मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस विभाग में कुल 18 हजार पदों को भरना है. मौजूदा 9,662 पदों के अलावा शेष पदों के लिए भी जल्द मंजूरी जारी की जाएगी. सरकार का मानना है कि पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने से कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और मध्य प्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा सकेगा.