'मित्रों' नहीं 'फ्रेंड्स', पोर्ट्रेट एंगल और सेल्फी कैमरा! कैसे PM मोदी ने खेला Gen Z दांव?
ज़ाहिद अहमद July 24, 2026 09:42 PM

23 जुलाई 2026 की रात 11:52 बजे... देश NEET पेपर लीक के खिलाफ CJP के देशव्यापी आंदोलन की तैयारी में था. ठीक इसी वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो पोस्ट की. यह कोई आम वीडियो नहीं थी. 2 मिनट 55 सेकंड की वीडियो के लिए न तो कोई स्टूडियो सेटअप था और न ही कोई प्रोफेशनल कैमरा. PM मोदी ने मोबाइल फोन का सेल्फी कैमरा इस्तेमाल किया और वीडियो शूट की पोर्ट्रेट मोड में. ठीक वैसे ही जैसे कोई इंस्टाग्राम रील बनाता है. आखिर कैसे PM मोदी ने इतनी सोची-समझी वीडियो से GenZ को समझने और मनाने की कोशिश की...

अगर वीडियो अभी तक नहीं देखी, तो पहले देखें...

'मित्रों' नहीं, 'फ्रेंड्स': एक जानबूझकर किया बदलाव

PM मोदी ने अपने करियर में हजारों भाषण दिए हैं. हर बार उन्होंने 'मेरे प्यारे देशवासियों' कहा है या 'मित्रों' कहा है. इस बार वीडियो में उन्होंने कुछ अलग किया. PM मोदी ने वीडियो की शुरुआत 'फ्रेंड्स' से की.

यह कोई इत्तेफाक नहीं था. 'मित्रों' एक ऐसा शब्द है जो बूमर्स और Gen X की याद दिलाता है. वो भाषा जो रैलियों और स्टेज शो में इस्तेमाल होती थी. लेकिन 'फ्रेंड्स' शब्द इंस्टाग्राम, रील्स और दोस्तों वाली दुनिया का है.

एक्सपर्ट्स का मानना है कि 'मित्रों' से 'फ्रेंड्स' में यह बदलाव Gen Z को मनाने का बड़ा कदम था. Gen Z 'मित्रों' जैसे औपचारिक शब्दों से कनेक्ट नहीं होती. वो 'हैलो दोस्तों', 'कैसे हो' और 'फ्रेंड्स' जैसी हिंदी-इंग्लिश की मिली जुली लैंग्वेज में बात करती है.

कैमरा सेटअप: स्टूडियो नहीं, मोबाइल और लैंडस्केप नहीं, पोर्ट्रेट

PM मोदी की 'मन की बात' हो या कोई राष्ट्रीय संबोधन, उनके वीडियो मैसेज हमेशा प्रोफेशनल कैमरा सेटअप के साथ शूट किए जाते थे. बैकग्राउंड में झंडा, सही लाइटिंग और एंगल यानी सब कुछ परफेक्ट. इस वीडियो में कुछ भी परफेक्ट नहीं था और शायद यही इसकी सबसे बड़ी परफेक्शन थी. यानी:

  • कोई बड़ा कैमरा नहीं, बल्कि एक नॉर्मल मोबाइल फोन.
  • आमतौर पर सेल्फी और रील्स के लिए इस्तेमाल होने वाला सेल्फी कैमरा.
  • इंस्टाग्राम रील या शॉर्ट्स जैसा वीडियो वर्टिकल एंगल.

यह वही फॉर्मेट है जिसमें Gen Z अपनी रील्स बनाते हैं, दोस्तों को टैग करते हैं और अपनी डेली लाइफ शेयर करते हैं. PM ने जानबूझकर प्रोफेशनलिज्म को छोड़ा और 'रिलेटेबल' बनने की कोशिश की. यह देखने वाली बात है कि जैसे Gen Z ने आंदोलन से PM मोदी की सोशल मीडिया स्ट्रैटेजी को उनके खिलाफ हथियार बना लिया, वैसे ही इस वीडियो के जरिए PM मोदी ने वही हथियार उठा लिया.

वीडियो टाइमिंग: आधी रात 11:52 बजे, ठीक CJP की बैठक से पहले

वीडियो की टाइमिंग भी बेहद स्ट्रैटजिक थी. PM मोदी ने यह वीडियो 23 जुलाई की रात 11:52 बजे पोस्ट किया. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की सरकार के साथ बैठक 24 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे तय थी. यानी PM मोदी ने CJP की बैठक से करीब 12 घंटे पहले यह वीडियो जारी किया. इसका मतलब साफ था कि सरकार बातचीत से पहले ही अपना एजेंडा सेट करना चाहती थी.

इस वीडियो में PM मोदी ने कहा कि कैबिनेट 24 जुलाई को दोपहर 1 बजे मीटिंग करेगी और पेपर लीक के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी. PM मोदी ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया और कहा कि मानसून सत्र के दूसरे हफ्ते में एक नया बिल पेश किया जाएगा.

PM मोदी ने CJP की मांगों का इंतजार नहीं किया, बल्कि पहले ही कुछ रियायतें दे दीं. यह एक क्लासिक नेगोशिएशन टैक्टिक है, यानी पहले कुछ दो, फिर बाकी मांगों पर बात करो.

वीडियो की बारीक डिटेल्स: जो नजरअंदाज नहीं की जा सकतीं

अगर आप वीडियो को गौर से देखें, तो कुछ और बारीक डिटेल्स नजर आती हैं:

  • बैकग्राउंड: वीडियो किसी ऑफिशियल सेटअप में नहीं, बल्कि एक नॉर्मल रूम में शूट की गई लगती है. कोई बड़ा झंडा नहीं और कोई किताबों की अलमारी नहीं. बिल्कुल वैसा बैकग्राउंड जैसा किसी आम इंसान के पास होता है.
  • लाइटिंग: प्रोफेशनल स्टूडियो लाइटिंग नहीं, बल्कि कमरे की नॉर्मल लाइट. थोड़ा डार्क और थोड़ा अनप्रोफेशनल, जिसने उसे 'रियल' बना दिया.
  • कैमरा एंगल: सेल्फी कैमरा होने की वजह से PM मोदी का चेहरा थोड़ा करीब है. यह इंटिमेट फील देता है, जैसे कोई दोस्त वीडियो कॉल पर बात कर रहा हो.
  • लैंग्वेज: 'फ्रेंड्स' के अलावा, पूरा वीडियो सिंपल, सीधी और बिना किसी मुश्किल हिंदी शब्द के है. PM ने कोई बड़े-बड़े शब्द नहीं उछाले, न ही कोई कठिन कानूनी भाषा बोली.
  • वीडियो की लंबाई: 2 मिनट 55 सेकंड कोई लंबा भाषण नहीं है. यह ठीक उतनी ही लंबी है जितनी एक इंस्टाग्राम रील या शॉर्ट वीडियो होती है. Gen Z का अटेंशन स्पैन कम है और PM मोदी ने इसे ध्यान में रखा.

तो क्या यह वीडियो असरदार होगी?

एक्सपर्ट्स इस वीडियो के पक्ष और विपक्ष दोनों में तर्क रखते हैं:

पक्ष में तर्क:

कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि PM मोदी ने Gen Z की ही भाषा में बात करके एक बड़ा कदम उठाया है. पिछले 12 सालों से BJP और PM मोदी सोशल मीडिया पर राज कर रहे हैं. अब Gen Z ने वही टूल्स उनके खिलाफ इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. इस वीडियो के जरिए PM मोदी ने काउंटर-अटैक किया है. PM मोदी ने दिखाया कि वो भी Gen Z की दुनिया को समझते हैं. वो भी सेल्फी वीडियो बना सकते हैं और 'फ्रेंड्स' कह सकते हैं.

विपक्ष में तर्क:

लेकिन कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह वीडियो बहुत देर से आई है. Gen Z पहले ही सड़कों पर उतर चुकी है. CJP ने देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है. यानी Gen Z पहले से ही अपनी बात कह रही है. अब इंटरनेट ट्रेंड्स देखें तो 'सरकार से नफरत' करना 'कूल' बन गया है. ऐसे में एक सेल्फी वीडियो से कितना फर्क पड़ेगा, यह सवाल बना हुआ है.

हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स का यह भी कहना है कि यह वीडियो सिर्फ एक शुरुआत है. PM मोदी ने Gen Z को संबोधित करने का एक नया तरीका खोजा है. अब आने वाले दिनों में और ऐसी और कोशिशें होगीं. PM मोदी ने यह संकेत दे दिया है कि वो Gen Z को सीरियस से ले रहे हैं. अब सवाल है कि क्या Gen Z PM मोदी को सीरियस लेगी?

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.