हिमाचल के के लाहौल-स्पीति में दर्दनाक हादसा, पहाड़ से गिरे मलबे में समाई टैक्सी; 13 लोगों की मौत
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 09:43 PM

Lahaul-Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी मलबे में दब गई. हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इसकी पुष्टि खुद घटनास्थल पहुंचे भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने की. उन्होंने बताया कि मृतकों में छह महीने की एक मासूम बच्ची भी शामिल है. टैक्सी में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से एक घायल को सुरक्षित निकाल लिया गया है.

जानकारी के अनुसार, हादसा उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास हुआ. कुल्लू से पांगी जा रही टैक्सी जैसे ही इस स्थान से गुजर रही थी, तभी अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा. भारी मलबा सीधे टैक्सी पर गिरने से वाहन पूरी तरह दब गया और यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला.

ये भी पढे़ं- हिमाचल के कांगड़ा में बादल फटने से भारी तबाही, 15 मकान और स्कूल मलबे में दबे; रेस्क्यू जारी

सड़क खुलने के बाद शुरू हुआ था सफर

बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले लैंडस्लाइड के कारण बंद कर दिया गया था. इस वजह से सभी यात्री तिंदी क्षेत्र में रुके हुए थे. शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई, लेकिन कुछ ही दूरी पर कडू नाला के पास यह भीषण हादसा हो गया.

हादसे में 13 लोगों की मौत

घटनास्थल पर मौजूद भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने बताया कि टैक्सी में कुल 15 लोग सवार थे. हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में छह महीने की एक मासूम बच्ची भी शामिल है. एक घायल को मलबे से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन इनमें से कोई जिंदा नहीं बचा था.

बारिश के मौसम में बढ़ा लैंडस्लाइड का खतरा

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ गई हैं. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन, NDRF और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए. जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया.

(रिपोर्ट- सुभाष महाजन/लाहौल-स्पीति)

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.