टी20 वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया के लिए पिछले कुछ दिन बहुत खराब गुजरे. कप्तान बदलते ही टीम अचानक लड़खड़ा गई और लगातार 2 टी20 सीरीज हार गई. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को पहले आयरलैंड के हाथों चौंकाने वाली शिकस्त मिली और फिर इंग्लैंड ने भी धो डाला. मगर सिर्फ सीरीज ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया ने अपनी नंबर-1 रैंकिंग भी गंवाई. इस नाकामी और शर्मिंदगी के बाद अब टीम इंडिया की गाड़ी पटरी पर लौट रही है. अय्यर के नेतृत्व में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को हराकर न सिर्फ सीरीज जीती, बल्कि रैंकिंग में पहला स्थान भी फिर से हासिल कर लिया.
हरारे में शनिवार 25 जुलाई को टीम इंडिया ने ये सफलता हासिल की. जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय टीम ने 90 रन से बड़ी जीत हासिल की. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. इसके बाद जिम्बाब्वे को सिर्फ 129 रन पर ढेर करते हुए टीम इंडिया ने मैच जीत लिया. ये भारत की इस 3 मैच की सीरीज में लगातार दूसरी जीत थी और उसने 2-0 की बढ़त के साथ सीरीज अपने नाम कर ली.
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की ये पहली सीरीज जीत भी है और इसके दम पर ICC टी20 रैंकिंग में एक बार फिर वो नंबर-1 टीम बन गई है. ठीक 14 दिन पहले 11 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ 5वें टी20 मैच में मिली हार के बाद टीम इंडिया से नंबर-1 रैंक छिन गई थी. इंग्लैंड ने ही टीम इंडिया की ये कुर्सी छीनी थी लेकिन अब 2 हफ्ते में ही शीर्ष पर भारत की वापसी हुई है. ताजा रैंकिंग के हिसाब से दोनों टीमों के 268 पॉइंट हैं लेकिन मामूली अंतर के कारण टीम इंडिया दूसरे स्थान से उठकर फिर पहले नंबर पर पहुंच गई है. वहीं इंग्लैंड वापस दूसरे पर आ गई है.
सीरीज जीतने के बाद अब टीम इंडिया की नजरें क्लीन स्वीप पर होंगी. इसी मैदान पर रविवार 26 जुलाई को ही सीरीज का आखिरी मैच खेला जाएगा. हालांकि इस मुकाबले में टीम इंडिया कम से कम 2-3 बदलावों के साथ उतर सकती है. कप्तान अय्यर ने खुद मैच के बाद साफ कहा कि वो आखिरी मैच में टीम की ताकत को जांचने के लिए अन्य खिलाड़ियों को उतार सकते हैं.