चीन में फिर से कोविड-19 संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हाल के हफ्तों में कोरोना वायरस साल 2026 में पहली बार इन्फ्लुएंजा को पीछे छोड़कर सबसे तेजी से फैलने वाला श्वसन संक्रमण बन गया है. लेकिन चीन के अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश संक्रमित मरीजों में हल्के लक्षण हैं. साथ ही संक्रमण की मौजूदा लहर पिछले साल के मुकाबले काफी हद तक कमजोर है.
चीन में कोरोना के कितने केस आए?चीन के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के मुताबिक, 13 से 19 जुलाई के बीच कोविड-19 टेस्ट की पॉजिटिविटी रेट 16.3% रही. यह पिछले सप्ताह की तुलना में 4.3 प्रतिशत अंक अधिक है. वहीं, इसी अवधि में फ्लू की पॉजिटिविटी रेट 12.6% रिकॉर्ड की गई. यह पिछले हफ्ते की तुलना में कम है. जून 2026 में चीन में 79,000 नए कोविड-19 मामले सामने आए. इनमें 130 मरीज गंभीर थे. इस दौरान एक मरीज की मौत हुई.
चीन में कौन-सा वैरिएंट फैल रहा है?चीन के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक चीन में इस समय ओमिक्रॉन NB.1.8.1 वैरिएंट फैला हुआ है. इसकी संक्रमण क्षमता मध्यम स्तर की है. फिलहाल, ऐसा कोई अन्य वैरिएंट नहीं मिला, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए और अधिक जोखिम पैदा करता है.
क्या डरने की जरूरत है?चीन में बढ़ते कोविड-19 के केसेज को देखते हुए विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है. अधिकांश मरीजों में बुखार और गले में खराश जैसे हल्के लक्षण पाए गए हैं. संक्रमित मरीज 5 से 7 दिन में ही ठीक हो जा रहे हैं. गंभीर मामलों और मौतों में कोई असामान्य बढ़ोतरी नहीं हुई है.मौजूदा संक्रमण दर 2025 की लहर से कमजोर है.
CDC ने इन्हें सतर्क रहने की सलाह दीहालांकि, चीन के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने जरूर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित कोविड-19 के संक्रमण से सतर्क रहने की सलाह दी है.सार्वजनिक स्थानों और अस्पतालों में मास्क पहनने की हिदायत दी गई है. जरूरत के आधार पर वैक्सीन की बूस्टर डोज लेने की भी अपील की गई है.
गर्मी में भी क्यों बढ़ने लगे मामले?पहले कोविड-19 और फ्लू के मामले मुख्य रूप से सर्दियों में बढ़ते थे, लेकिन अब गर्मियों में भी संक्रमण फैल रहा है. इसकी बड़ी वजह यह है कि तेज गर्मी के कारण लोग लंबे समय तक एयर कंडीशनर वाले बंद कमरों में रहते हैं, जिससे वायरस के फैलने के लिए अनुकूल माहौल बन जाता है. इसके अलावा गर्मियों की छुट्टियों में यात्रा बढ़ने से भी संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है.
भारत में कोरोना की क्या स्थिति है?चीन में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बीच भारत में फिलहाल स्थिति सामान्य है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में सक्रिय कोविड-19 मरीजों की संख्या बेहद कम है. हालांकि आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और कुछ अन्य राज्यों में हाल के दिनों में छिटपुट मामले सामने आए हैं, लेकिन अधिकांश संक्रमितों में हल्के लक्षण हैं. किसी बड़े खतरे की आहट नहीं है. चीन के बढ़ते मामलों के देखते हुए स्वास्थ्य एजेंसियां भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.