Jehanabad Crime News: खाने में नहीं, हाथ पर लगी मिट्टी पर आया गुस्सा…देवर ने भाभी की ले ली जान
TV9 Bharatvarsh July 29, 2026 08:43 PM

Jehanabad News: बिहार में जहानाबाद जिले के परसबीघा थाना क्षेत्र के चैनपुरा इमादपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया. देवर ने अपनी ही भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम का माहौल है. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह घर के अन्य सदस्य धान रोपनी के लिए खेत गए हुए थे. इसी दौरान देवर कुणाल कुमार घर लौटा और अपनी भाभी अंशु कुमारी से खाना मांगा. अंशु कुमारी ने थाली में खाना परोसकर उसे दिया, लेकिन खाना परोसते समय उनके हाथों में थोड़ी मिट्टी लगी हुई थी. इसे देखकर देवर नाराज हो गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुणाल कुमार ने पहले अंशु कुमारी के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उसने घर में रखे धारदार हथियार (गंडासी) से उन पर हमला कर दिया. हमले में अंशु कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या के बाद गांव में सनसनी

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

पूछताछ में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि मृतका अंशु कुमारी की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व धर्मेंद्र कुमार के साथ हुई थी. उनका मायका अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोनपुरा गांव में है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.