उत्तराखंड में बारिश का कहर, केदारनाथ-बद्रीनाथ को जोड़ने वाली टनल के बाहर लैंडस्लाइड; जांच के आदेश
TV9 Bharatvarsh July 29, 2026 10:42 PM

Rudraprayag News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ और बद्रीनाथ मार्ग को जोड़ने वाली रुद्रप्रयाग बाईपास टनल के बाहरी हिस्से में भूस्खलन होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को 910 मीटर लंबी बाईपास टनल का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों व भू-वैज्ञानिकों को विस्तृत जांच के निर्देश दिए.

जिलाधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश के चलते टनल के बाहरी स्लोप ट्रीटमेंट क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है. इस कारण टनल के जनरेटर रूम की छत को आंशिक नुकसान पहुंचा है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि टनल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और इसके भीतर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है. यात्रियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है.

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दिया निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तकनीकी टीम और भू-वैज्ञानिकों को प्रभावित क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वेक्षण करने तथा ढलान की स्थिरता का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए सभी तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

उन्होंने बताया कि यह परियोजना अभी डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड में है. ऐसे में निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी को प्रभावित हिस्से की मरम्मत और स्लोप ट्रीटमेंट दोबारा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

सुरक्षा मानकों का कड़ाई से हो पालन

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को स्थल की लगातार निगरानी रखने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि भू-वैज्ञानिकों की विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कदम तत्काल उठाए जाएंगे.

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के डीजीएम करन, लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड) के सहायक अभियंता सौरव ढौंडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल टनल पूरी तरह सुरक्षित है और यातायात पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा है, लेकिन एहतियात के तौर पर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.