विभिन्न मांगों को लेकर आईसा, आरवाईए, भाकपा माले ने निकाला संकल्प मार्च
Tarunmitra July 30, 2026 10:43 PM

बेगूसराय ब्यूरो। भाकपा माले जिला कार्यालय कमलेश्वरी भवन से झंडा, बैनर, होर्डिंग के साथ आईसा-आरवाइए एवं भाकपा माले ने मार्च निकाला। जो समाहरणालय द्वार पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने कहा कि बेगूसराय सहित विभिन्न जेलों में बंद आंदोलनकारी छात्र-युवाओं को जल्द सरकार रिहा करे, दर्ज सभी तरह के मुकदमें वापस ले।

सरकारी घोषणा के बावजूद बेगूसराय जेल में मोहम्मद सन्नाउल्ला, अभिषेक कुमार, प्रशांत कुमार, मोहम्मद शहनवाज, आदित्य राज की रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सिवान में छात्रों पर पुलिस के द्वारा एके-47 से गोली चलाने के मामले में डीएम-एसपी को बर्खास्त किया जाए। छात्र आंदोलन पर बर्बर पुलिसिया दमन की जिम्मेदारी लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह इस्तीफा दे। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर आंदोलनकारी छात्रों को खाना-पानी पहुंचाने वाले मोहम्मद जुनैद को सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस अपराधी के तरह व्यवहार कर रही है। जो शर्मनाक है। वहीं आंदोलन में शामिल होने वाले अल्पसंख्यक और दलित छात्रों को आरएसएस और भाजपाई गुन्डों और पुलिस के जरिए खुलेआम मारपीट और तंगतबाह की जा रही है। इसपर तत्काल रोक लगाई जाए। आईसा के छात्र नेता अजय कुमार और सोनू फर्नाज ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे को छात्र-युवा आंदोलन की ऐतिहासिक जीत बताते हुए आंदोलन में शामिल लोगों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि सरकार समझौता के अनुसार पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने दमनात्मक कार्रवाई में शामिल दोषी पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई करने और पेपर लीक में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग करते हुए शिक्षा सुधार मामले में मोदी सरकार के द्वारा लाए गए कानून को धोखा बताया। बेगूसराय जेल में बंद आंदोलनकारी की रिहाई के लिए आईसा के द्वारा जिलाधिकारी को पत्र दिया गया। कार्यक्रम में विशाल कुमार, संजय ठाकुर, सन्नी कुमार, मोहम्मद सैयद सोनवर, किसान महासभा के जिला सचिव बैजू सिंह, अध्यक्ष नवलकिशोर सिंह, राजेश श्रीवास्तव, चन्द्रदेव वर्मा सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.