The Hundred: जोफ्रा आर्चर ने की करियर की सबसे घातक गेंदबाजी, सिर्फ 2 रन पर गिरे 5 विकेट, London Spirit ने गंवाया मैच
TV9 Bharatvarsh August 02, 2026 03:43 PM

London Spirit vs Southern Brave: इंग्लैंड में चल रहे द हंड्रेड में 1 अगस्त को लंदन स्प्रिट और साउदर्न ब्रेव के बीच मुकाबला खेला गया. उस मुकाबले में साउदर्न ब्रेव ने लंदन स्पिरिट को 5 विकेट से हरा दिया. साउदर्न ब्रेव के लिए जीत की स्क्रिप्ट लिखने में जोफ्रा आर्चर की घातक गेंदबाजी का सबसे बड़ा योगदान रहा. आर्चर ने अपने द हंड्रेड करियर की बेस्ट गेंदबाजी करते हुए पहले बल्लेबाजी करने उतरी लंदन स्प्रिट की ऐसी कमर तोड़ी की साउदर्न ब्रेव के बल्लेबाजों के लिए टीम को जीत तक पहुंचाना आसान हो गया.

जोफ्रा आर्चर का कहर, सिर्फ 2 रन पर गिरे 5 विकेट

आर्चर के कहर के आगे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी लंदन स्प्रिट की खराब हालत का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि उसके अंतिम 5 विकेट सिर्फ 2 रन पर ही गिर गए. लंदन स्पिरिट की टीम 6 विकेट पर 103 रन से कब 105 रन पर ऑल आउट हो गई पता भी नहीं चला. लंदन स्पिरिट के गिरे अंतिम के 5 विकेटों में से 3 विकेट अकेले जोफ्रा आर्चर ने लिए.

20 गेंदों में 11 डॉट, 9 रन देकर लिए 4 विकेट

जोफ्रा आर्चर ने 20 गेंदों में 11 गेंदें डॉट फेंकी और सिर्फ 9 रन देकर 4 विकेट लिए. ये द हंड्रेड में उनकी गेंदबाजी का बेस्ट फीगर है. आर्चर के इसी कहर की बदौलत लंदन स्पिरिट 100 गेंदों वाली क्रिकेट में सिर्फ 92 गेंदों पर ही ऑल आउट हो गई. उसने केवल 105 रन बनाए, जिसमें 56 रन अकेले जॉनी बेयरस्टो के रहे, जिन्हें आर्चर ने ही अपना शिकार बनाया.

साउदर्न ब्रेव ने 5 विकेट से जीता मैच

साउदर्न ब्रेव को 100 गेंदों में 106 रन बनाने का आसान लक्ष्य मिला, जिसे उसने 5 विकेट खोकर 97 गेंदों पर हासिल कर लिया. साउदर्न ब्रेव की ओर से जेमी स्मिथ ने ओपनिंग करते हुए 36 रन बनाए. उनके अवावा डेविड मिलर 39 रन बनाकर नाबाद रहे. साउदर्न ब्रेव ने मुकाबला 3 गेंद पहले हासिल किया, जिसके लिए जोफ्रा आर्चर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.