मणिपुर में बड़ा ऑपरेशन… थौबल और तेंगनौपाल से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और IED बरामद
TV9 Bharatvarsh August 02, 2026 11:43 PM

मणिपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए चल रहे अभियान में सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. दो अलग-अलग जिलों में चलाए गए तलाशी अभियानों के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई.

पुलिस के अनुसार, रविवार को थौबल पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अरोंग नदी के पास एकोक पाट इलाके में तलाशी अभियान चलाया. ऑपरेशन के दौरान छिपे हुए हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया. बरामद सामान में दो INSAS राइफल, एक MP-5 सब-मशीन गन, एक SLR राइफल, दो .303 राइफल, आठ मैगजीन, एक स्मोक बम और अलग-अलग कैलिबर के 379 जिंदा कारतूस शामिल थे.

तेंगनौपाल जिले के जंगल से हथियार बरामद

इसके अलावा, 1 अगस्त यानी शनिवार को सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में भारत-म्यांमार सीमा के पास बॉर्डर पिलर 72 और 73 के बीच के जंगली इलाके में एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया. इस ऑपरेशन के दौरान एक 9mm पिस्तौल, एक डबल-बैरल बंदूक, छह रेडियो संचार सेट, दो हैंड ग्रेनेड और छह IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए.

सभी छह IED को किया नष्ट

सुरक्षा बलों ने बताया कि बरामद किए गए सभी छह IED को सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार मौके पर ही (इन-सिटू) निष्क्रिय और नष्ट कर दिया गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया गया.

तलाशी और निगरानी अभियान जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आसपास के संवेदनशील इलाकों में तलाशी और निगरानी अभियान जारी हैं. वहीं, सुरक्षा एजेंसियां ​​बरामद हथियारों और विस्फोटकों के स्रोत के साथ-साथ उनसे जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही हैं.

9 उग्रवादियों को किया गिरफ्तार

इससे पहले मणिपुर में सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर पिछले 24 घंटों में अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर प्रतिबंधित विद्रोही समूहों से जुड़े नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उनसे हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.

इन इलाकों में चला ऑपरेशन

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मणिपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान थोउबल, तामेंगलोंग, काकचिंग, चंदेल, इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट जिलों से इन नौ उग्रवादियों को पकड़ा गया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.