जैसलमेर न्यूज़ डेस्क - जैसलमेर जिले के खुहड़ी थाना क्षेत्र के घुरिया गांव की बाली की ढाणी में बुधवार रात को कायमा नामक महिला की हत्या कर शव को सूने मकान में फेंक दिया गया। इसके बाद मृतका के पति शोभारे खां ने पत्नी की हत्या की बात कबूल करते हुए थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं, मृतका के परिजनों व समाज के लोगों ने जवाहर अस्पताल की मोर्चरी के सामने धरना देकर मांग की कि जब तक दो अन्य महिलाओं की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे।
परिजनों का आरोप है कि मृतका के पति के गांव की ही दो अन्य लड़कियों से अवैध संबंध हैं, जिसके चलते इन तीनों ने मिलकर कायमा की हत्या कर शव को सूने मकान में फेंक दिया। हालांकि, मृतका के पति शोभारे खां ने गुरुवार को ही पत्नी की हत्या की बात कबूल करते हुए पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मृतका के पति शोभारे खां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, हत्या में शामिल दो संदिग्ध युवतियों की जांच की जा रही है। वहीं, मृतका कायमा के परिजनों ने हत्या में दो अन्य महिलाओं के भी शामिल होने का आरोप लगाते हुए शव को जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर धरना शुरू कर दिया।
धरने पर सीओ सिटी रूपसिंह इंदा, पूर्व प्रधान अमरदीन फकीर, पंचायत समिति सदस्य जनाब खां समेत कई लोग मौजूद रहे। परिजनों की मांग है कि जब तक दो अन्य महिलाओं की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। मृतका कायमा के भाई फारूख ने बताया कि बहन के पति शोभरे खां के अन्य महिलाओं से संबंध थे, जिसके चलते उसकी बहन की हत्या कर दी गई। उसने बताया कि रात करीब 10 बजे उसकी बहन को उसका पति अपने घर बुलाकर ले गया था। गुरुवार सुबह जब पड़ोसी महिला उसके घर गई तो कायमा का शव मिला। गुरुवार को सुबह-सुबह मृतका के परिजनों को सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे, जहां कायमा का शव खून से लथपथ पड़ा था तथा कई जगह चोटों के निशान मौजूद थे।
इस पर खुहड़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई तथा आसपास संदिग्ध स्थानों पर पैरों के निशान मिले। पुलिस ने आकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। मृतका के परिजनों ने 3 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर खुहड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका कायमा के भाई फारूख ने बताया कि कायमा पुत्री शहजादे खां की शादी करीब एक वर्ष पूर्व आरोपी शोभरे खां पुत्र इनाम खां के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही कायमा हत्या की आशंका जता रही थी, जिसकी जानकारी उसने अपनी मां व परिजनों को भी दी थी। लेकिन परिजनों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसका खामियाजा कायमा की हत्या के रूप में सामने आया।